अंत्योदय मेला में पात्र परिवारों को मिलेगा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ- अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार
रोहतक, 21 जुलाई : अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने कहा है कि मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना (एमएमएपीयूवाई) 2.0 के अंतर्गत गढ़ी-सांपला-किलोई विधानसभा क्षेत्र के पात्र परिवारों के लिए 26 जुलाई को प्रात: 9 बजे से सायं 5 बजे तक रोहतक स्थित जिला विकास भवन के डीआरडीए हाल में अंत्योदय मेला आयोजित किया जाएगा।
नरेंद्र कुमार ने कहा है कि राज्य सरकार द्वारा अंत्योदय मेले के लिए गढ़ी-सांपला-किलोई विधानसभा क्षेत्र के लगभग तीन हजार पात्र लाभार्थियों की सूची उपलब्ध करवाई गई है। मेले का उद्देश्य पात्र परिवारों को उनकी रुचि, कौशल एवं पात्रता के अनुरूप स्वरोजगार एवं आयवर्धन से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान कर उनका आर्थिक एवं सामाजिक उत्थान सुनिश्चित करना है।
अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने कहा है कि मेला में 19 विभागों की 47 जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहेंगे। पात्र लाभार्थियों को इन योजनाओं के बारे में जानकारी देने के साथ-साथ उनकी पात्रता के अनुसार योजनाओं के लिए आवेदन करने की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी। लाभार्थियों को विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के तहत उपलब्ध सुविधाओं एवं लाभों की जानकारी मौके पर ही प्रदान की जाएगी।
नरेंद्र कुमार ने कहा है कि अंत्योदय मेले में विभिन्न बैंकों द्वारा भी स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को वित्तीय सहायता, ऋण सुविधाओं एवं बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने (फाइनेंशियल लिंकेज) के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवार सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आय में वृद्धि कर सकें।
सांपला की उपमंडलाधीश अंकिता पंवार ने पात्र लाभार्थियों से आह्वान किया कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर अंत्योदय मेले में पहुंचकर अपनी रुचि एवं पात्रता के अनुसार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने संबंधित विभागों एवं बैंक अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि मेले में आने वाले पात्र लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी एवं आवेदन प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए।
