मतदाताओं को घर बैठे चुनाव संबंधी सभी सेवाएं उपलब्ध करा रहा है ईसीआईनेट (ECINET) ऐप : उपायुक्त आयुष सिन्हा
फरीदाबाद, 7 जुलाई।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाताओं की सुविधा के लिए विकसित ECINET ऐप चुनाव संबंधी सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और सुगम बना रहा है। उन्होंने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की कि वे ऐप का उपयोग कर निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि ECINET ऐप में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाताओं को अपने संबंधित बीएलओ (Booth Level Officer) से सीधे संपर्क करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। ऐप में "Call Request" का विकल्प दिया गया है, जिसके माध्यम से मतदाता अपने बीएलओ से संपर्क के लिए कॉल रिक्वेस्ट भेज सकते हैं। रिक्वेस्ट भेजे जाने के बाद संबंधित बीएलओ को इसकी सूचना प्राप्त होती है और कॉल की स्थिति निर्वाचन अधिकारियों के स्तर तक मॉनिटर की जाती है, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि प्रत्येक कॉल रिक्वेस्ट पर समय पर कार्रवाई हो।
उन्होंने बताया कि यदि किसी मतदाता को अपने नाम, पते, फोटो, मतदान केंद्र अथवा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता की आवश्यकता है तो वह इस सुविधा का लाभ उठा सकता है। इसके अतिरिक्त ऐप के माध्यम से बीएलओ से व्हाट्सएप के जरिए भी संपर्क स्थापित किया जा सकता है। प्रत्येक बीएलओ का SIR Communication Number भी ऐप पर उपलब्ध कराया गया है, जिससे मतदाताओं को त्वरित सहायता मिल सके।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में तकनीक के अधिकतम उपयोग का उद्देश्य नागरिकों को घर बैठे सरल एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी बीएलओ को निर्देश दिए हैं कि प्राप्त होने वाली कॉल रिक्वेस्ट का शीघ्रता से निस्तारण करें तथा मतदाताओं की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करें।
उन्होंने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से आग्रह किया कि वे अपने मोबाइल फोन में ECINET ऐप डाउनलोड करें, उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं तथा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में जिला प्रशासन का सहयोग करें।
