डॉ. कमल गुप्ता ने जनसंवाद में सुनीं जनसमस्याएं, नंदकिशोर गोयनका को दी श्रद्धांजलि; प्रधानमंत्री के जींद कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा
हिसार, 16 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में प्रत्येक सोमवार एवं वीरवार को आयोजित होने वाली जनसंवाद बैठक में आज पूर्व स्वास्थ्य एवं नागरिक उड्डयन मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने आम नागरिकों और पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत कर कई समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए तथा शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण का भरोसा दिलाया। बैठक के प्रारंभ में देश के प्रसिद्ध उद्योगपति एवं पूर्व राज्यसभा सांसद सुभाष गोयनका के पूज्य पिता, प्रख्यात समाजसेवी एवं गोभक्त स्वर्गीय नंदकिशोर गोयनका के निधन पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि स्वर्गीय नंदकिशोर गोयनका राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा से जुड़े अत्यंत प्रखर धार्मिक एवं सामाजिक व्यक्तित्व थे। उन्होंने राष्ट्र, समाज और गौसेवा के क्षेत्र में अमूल्य योगदान दिया। उनका निधन विशेष रूप से हिसार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
बैठक में डॉ. कमल गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जींद में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जी द्वारा हरित ऊर्जा की दिशा में ऐतिहासिक पहल के रूप में हाइड्रोजन गैस से संचालित ट्रेन का शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर का सीधा प्रसारण हिसार में एचएयू के इंदिरा गांधी सभागार में देखा जाएगा, जहां हिसार विधानसभा क्षेत्र के सभी वार्डों के भाजपा कार्यकर्ता टोली बनाकर पैदल एवं ई वाहनों के माध्यम से पहुंचेंगे। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से समय पर उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान
किया।
इस अवसर पर सुरेश गोयल धूप वाला,राम चंद्र गुप्ता, लोकेश असीसा सुरेंद्र सैनी, राजेंद्र सपड़ा, धर्मवीर पानू, सुनील चायपत्ती, सुभाष जांगड़ा, वेद प्रकाश, के पी गुप्ता, श्याम भूटानी, सुदेश चौधरी,भानुसिंगल, परवीन नारंग व डॉ. मीनू भूटानी आदि उपस्थित रहे।
