डीएमसी जगनिवास बोले-बरसात के मौसम में झज्जर, बहादुरगढ़ व बेरी में विशेष सफाई अभियान जारी

 
 डीएमसी जगनिवास बोले-बरसात के मौसम में झज्जर, बहादुरगढ़ व बेरी में विशेष सफाई अभियान जारी

झज्जर, 24 जुलाई
बरसात के मौसम में शहरों को जलभराव और गंदगी से मुक्त रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा झज्जर, बहादुरगढ़ व बेरी में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। शहरी स्थानीय निकाय विभाग अलर्ट मोड में रहकर जल निकासी प्रबंधन व्यवस्था करने में सजगता बनाए है वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायती राज संस्थानों के प्रतिनिधियों को जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए व्यापक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। डीसी वर्षा खांगवाल ने झज्जर, बेरी व बहादुरगढ़ उपमंडल के संबंधित एसडीएम को जलभराव वाले क्षेत्रों का दौरा करने के निर्देश दिए हैं जिनकी अनुपालना करते हुए सभी संबंधित एसडीएम अपने अधिकार क्षेत्र में फील्ड में पहुंचे और जल निकासी व सफाई व्यवस्था प्रबंधन का जायजा लिया।
डीसी वर्षा  खांगवाल   ने कहा कि जिला के शहरी क्षेत्रों में बरसात के कारण होने वाले जलभराव को रोकने के लिए जिला प्रशासन योजनाबद्ध ढंग से कदम बढ़ाते हुए हर पहलू पर विशेष फोकस कर रहा है। जल निकासी प्रबंधन के साथ ही सफाई व्यवस्था पर विशेष नजर रखने के लिए एडीसी एवं डीएमसी जगनिवास स्वयं मॉनिटरिंग कर रहे हैं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश निरंतर दिए जा रहे हैं।
डीसी वर्षा खांगवाल के निर्देश पर व डीएमसी जगनिवास के मार्गदर्शन में नगर परिषद झज्जर, नगर परिषद बहादुरगढ़ व नगर पालिका बेरी की टीम लगातार फील्ड में उतरकर नालों, नालियों और जल निकासी तंत्र की व्यापक सफाई कर रही हैं ताकि बरसात का पानी बिना किसी रुकावट के निकासी मार्गों से गुजर सके। बरसात के मौसम में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत मुख्य सडक़ों, बाजारों, रिहायशी क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थलों तथा जलभराव की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों पर पूरा ध्यान दिया जा रहा है। सफाई कर्मियों द्वारा नालों और नालियों से सिल्ट, कूड़ा-कचरा तथा प्लास्टिक अपशिष्ट निकालकर जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाया जा रहा है। इसके साथ ही कचरे का नियमित उठान सुनिश्चित किया जा रहा है ताकि बरसाती मौसम में संक्रमण और बीमारियों की आशंका को कम किया जा सके।

जल निकासी प्रबंधन के साथ सफाई कार्यों की होगी निगरानी : डीएमसी
डीएमसी एवं एडीसी जगनिवास ने संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि सफाई कार्यों की नियमित निगरानी की जाए तथा जहां कहीं भी जलभराव या जल निकासी संबंधी समस्या सामने आए, उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान स्वच्छता और बेहतर जल निकासी व्यवस्था जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे नालियों और नालों में प्लास्टिक, मलबा या अन्य कचरा न डालें तथा घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें। स्वच्छता बनाए रखने में आमजन की भागीदारी भी उतनी ही आवश्यक है जितनी प्रशासन की जिम्मेदारी। डीएमसी ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से मानसून अवधि के दौरान सफाई अभियान लगातार जारी रहेगा। संबंधित विभागों की टीमें नियमित निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करेंगी ताकि झज्जर, बहादुरगढ़ व बेरी के नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और जलभराव मुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।