जिला स्तरीय अंतर-महाविद्यालय प्रश्नोत्तरी एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन
रोहतक, 20 नवंबर। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के दिशा-निर्देशानुसार आज शहीद राय सिंह राजकीय महाविद्यालय, सांपला में राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा संचालित निर्वाचन साक्षरता क्लब के तत्वावधान में जिला स्तरीय अंतर-महाविद्यालय प्रश्नोत्तरी एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में रोहतक जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों महम, रोहतक, गढ़ी-सांपला-किलोई एवं कलानौर के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी डॉ. परम भूषण आर्य ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को लोकतंत्र में मतदान के महत्व से अवगत करवाते हुए कहा कि एक जागरूक मतदाता ही मजबूत राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। कार्यक्रम का मंच संचालन प्रीति छिल्लर ने किया। राजनीति विज्ञान विभाग की प्रभारी डॉ. प्रतिभा ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए विद्यार्थियों को मतदान के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि मतदान केवल हमारा अधिकार ही नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है।
श्रीमती मंतल देवी की देखरेख में आयोजित निबंध लेखन प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय, महम ने प्रथम स्थान, शहीद राय सिंह राजकीय महाविद्यालय, सांपला ने द्वितीय स्थान तथा पंडित नेकी राम शर्मा राजकीय महाविद्यालय, रोहतक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
डॉ. प्रतिभा के मार्गदर्शन में आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय, सांपला ने प्रथम स्थान, पंडित नेकी राम शर्मा राजकीय महाविद्यालय, रोहतक ने द्वितीय स्थान तथा राजकीय महिला महाविद्यालय, रोहतक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के अंत में विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदान के महत्व तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना था।
0 0 00 0 0 0 0
कलानौर में महिला खेल प्रतियोगिता का आयोजन
- 200 महिलाओं एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने लिया उत्साहपूर्वक भाग:-
- विभिन्न खेल स्पर्धाओं में महिलाओं ने दिखाया दमखम,
- विजेताओं को प्रथम पुरस्कार 2100, द्वितीय 1100 और तृतीय 750 रुपये की मिलेगी राशि
रोहतक, 20 नवंबर। उपायुक्त सतबीर सिंह के निर्देशानुसार महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा को कलानौर स्थित डीएवी स्कूल में महिला खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में लगभग 200 ग्रामीण महिलाओं एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना तथा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी श्रीमती शालिनी ने की। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. विजयपाल एवं पीटीआई श्री संजय भारद्वाज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में 30 वर्ष से कम आयु वर्ग की महिलाओं के लिए 400 मीटर दौड़, 300 मीटर दौड़ एवं 5 किलोमीटर साइकिल रेस आयोजित की गई। वहीं, 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की महिलाओं के लिए 100 मीटर दौड़, डिस्कस थ्रो एवं म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिताएं करवाई गईं। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी श्रीमती शालिनी ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए उचित अवसर एवं प्रोत्साहन प्रदान करना जरूरी है। इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित करती हैं। कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलाओं को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की शपथ भी दिलवाई गई।
प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार रहे:-
5 किलोमीटर साइकिल रेस में पिलाना गांव की तन्नू ने प्रथम स्थान, कटेसरा गांव की सुदेश ने द्वितीय स्थान व कलानौर की पूजा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, 400 मीटर दौड़ में बसाना गांव की प्रीति प्रथम, सैंपल से प्रीति द्वितीय व बसाना से कविता तृतीय स्थान पर रही, 300 मीटर दौड़ में माडौधी गांव की मनीता प्रथम, गरनावठी की काफी द्वितीय व लाहली की सपना ने तृतीय स्थान हासिल किया, 100 मीटर दौड़ में जिंदराण की रिंकू ने प्रथम, गुढान की अनीता ने द्वितीय व मुकेश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। म्यूजिकल चेयर में सैंपल गांव की ललिता ने प्रथम, बनियानी गांव की मंजू द्वितीय व गुढान की सुदेश तृतीय स्थान पर रही। डिस्कस थ्रो खेल में जिंदराण की सीमा ने प्रथम, कलानौर की सुदेश ने द्वितीय व जिंदराण की ज्योति ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
विभाग की ओर से सभी प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली विजेता महिलाओं को 2100 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली महिलाओं को 1100 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली महिलाओं को 750 रुपये की पुरस्कार राशि उनके बैंक खातों में प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सुपरवाइजर सीमा, मीना एवं निशा सहित विभाग के कर्मचारियों पंकज, सुमित, पूनम, पूजा, हिना एवं हेमलता ने सक्रिय योगदान दिया।
