खेल महाकुंभ 2026-27 के लिए रोहतक में विभिन्न खेलों के जिला स्तरीय चयन ट्रायल होंगे:- उपायुक्त सतबीर सिंह

 
 खेल महाकुंभ 2026-27 के लिए रोहतक में विभिन्न खेलों के जिला स्तरीय चयन ट्रायल होंगे:- उपायुक्त सतबीर सिंह


रोहतक, 8 अक्तूबर। उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार खेल विभाग, हरियाणा द्वारा इस वर्ष खेल महाकुंभ 2026-27 का आयोजन सीनियर पुरुष एवं महिला वर्ग में 30 खेलों में किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला रोहतक की टीम के चयन के लिए विभिन्न खेलों के जिला स्तरीय चयन ट्रायल निर्धारित तिथियों एवं स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे।
सतबीर सिंह ने बताया कि लॉन टेनिस के जिला स्तरीय चयन ट्रायल 10 अक्तूबर को प्रातः 9 बजे स्थानीय सेक्टर 6 स्थित राजीव गांधी खेल परिसर में होंगे। नेटबाल एवं साइक्लिंग के ट्रायल 12 अक्तूबर को प्रातः 9 बजे स्थानीय सेक्टर 6 स्थित राजीव गांधी खेल परिसर में ही आयोजित किए जाएंगे। इन दोनों खेलों के लिए लड़के एवं लड़कियां दोनों वर्गों के खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। कराटे के चयन ट्रायल 13 अक्तूबर को प्रातः 10 बजे स्थानीय सोनीपत रोड स्थित सर छोटूराम स्टेडियम में होंगे। इसी प्रकार बेसबाल के ट्रायल 13 अक्तूबर को प्रातः 9 बजे स्थानीय सेक्टर 6 स्थित राजीव गांधी खेल परिसर में आयोजित किए जाएंगे। शूटिंग के जिला स्तरीय चयन ट्रायल 13 से 15 अक्तूबर तक प्रातः 9 बजे गन ऑफ विक्टरी शूटिंग रेंज, पहरावर चैक, गांव माजरा, ओमेक्स सिटी, रोहतक में होंगे।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि तलवारबाजी एवं थ्रोबाल के चयन ट्रायल 14 अक्तूबर को प्रातः 9 बजे होंगे। तलवारबाजी के ट्रायल विश्वकर्मा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रोहतक में तथा थ्रोबाल के ट्रायल स्थानीय सेक्टर 6 स्थित राजीव गांधी खेल परिसर में आयोजित किए जाएंगे। इन सभी खेलों में लड़के एवं लड़कियां दोनों वर्गों के खिलाड़ी चयन ट्रायल में भाग ले सकेंगे। उन्होंने इच्छुक खिलाड़ियों से आह्वान किया है कि वे निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर समय से पहुंचकर चयन ट्रायल में भाग लें।
सतबीर सिंह ने बताया कि खिलाड़ियों को ट्रायल के दौरान पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड की प्रति, परिवार पहचान पत्र की प्रति तथा रिहायशी प्रमाण पत्र की प्रति साथ लाना अनिवार्य है। खेल महाकुंभ का उद्देश्य खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करवाना है। जिला प्रशासन एवं खेल विभाग द्वारा चयन प्रक्रिया को निर्धारित नियमों के अनुसार पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाया जाएगा। उन्होंने जिला के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों से इन चयन ट्रायल में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया।