जिला स्तरीय सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित

 
 जिला स्तरीय सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित
हिसार, 16 जून।
जिला स्तरीय सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक उपायुक्त महेंद्र पाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सडक़ सुरक्षा की पिछली बैठक में शामिल तथा नए एजेंडा को लेकर अभी तक हुई प्रगति व कार्यवाही की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने कहा कि सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला सडक़ सुरक्षा समिति एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के तहत संबंधित विभागों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर वहां तुरंत सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। बैठक में कई मार्ग पर सडक़ों की जर्जर स्थिति, सीवरेज, चेतावनी संकेतों की कमी तथा यातायात अव्यवस्था जैसे मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग तथा पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि सभी खामियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए।
बैठक में उपायुक्त महेंद्र पाल को अवगत करवाया गया कि यातायात नियमों की उल्लंघना करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है। इस साल फरवरी से मई माह तक नियम उल्लंघन पर पुलिस विभाग द्वारा 43 हजार 40 चालान किए जा चुके है। मई माह में आरटीए द्वारा एक करोड़ 46 हजार 800 रुपये के 342 चालान किए गए हैं। उपायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध कट के मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे सभी अवैध कट को शीघ्र बंद करवाया जाए। उन्होंने पिछले दिनो आंधी व बारिश के कारण सडक़ की ओर झुकी हुई पेड़ों की टहनियों एवं झाडिय़ों की कटाई-छटाई करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान उपायुक्त ने चिन्हित किए गए अग्रोहा मोड़, स्याहड़वा, मिर्जापुर, ओडीएम कॉलेज, विक्की गारर्मेंट आदि के पास वाले ब्लैक स्पॉट को समाप्त करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल, एएसपी मयंक मुद्गिल, एसीयूटी विवेक यादव, नगराधीश रोहित कुमार, जिला परिषद सीईओ सुभाष चंद्र सहित एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।