*डीसी उत्तम सिंह की अध्यक्षता में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की जिला स्तरीय समन्वय समिति की समीक्षा बैठक आयोजित*
गुरुग्राम, 22 जुलाई- डीसी उत्तम सिंह की अध्यक्षता में लघु सचिवालय स्थित सभागार में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (एनटीसीपी) की जिला स्तरीय समन्वय समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्धारित मानकों की पालना सुनिश्चित करने तथा जनजागरूकता गतिविधियों को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। बैठक में विशेष रूप से युवाओं एवं विद्यार्थियों में तंबाकू सेवन की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई।
डीसी ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि जिले में तंबाकू उत्पादों के निर्माण, भंडारण, आपूर्ति एवं बिक्री से जुड़े प्रतिष्ठानों की नियमित निगरानी की जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि तंबाकू उत्पादों की पैकेजिंग पर निर्धारित मानकों के अनुरूप 85 प्रतिशत चित्रात्मक स्वास्थ्य चेतावनी अंकित हो। संबंधित विभाग संयुक्त रूप से नियमित निरीक्षण कर नियमों की पालना सुनिश्चित करें।
उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के सभी सरकारी एवं निजी शैक्षणिक संस्थानों में तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान (ToFEI) दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन कराया जाए। प्रत्येक संस्थान में तंबाकू निषेध संबंधी साइनेज लगाए जाएं, आवश्यक सर्वे के उपरांत विद्यार्थियों के बीच नियमित जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएं तथा स्कूलों के बाहर तंबाकू मुक्त वातावरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रत्येक शैक्षणिक संस्थान की बाहरी सीमा से 100 गज के दायरे में किसी भी प्रकार के तंबाकू उत्पाद की बिक्री नहीं होनी चाहिए तथा 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को तंबाकू उत्पाद बेचना पूर्णतः प्रतिबंधित है।
डीसी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी तंबाकू नियंत्रण कानून (कोटपा-2003) का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। गांवों के प्रमुख स्थानों पर "तंबाकू मुक्त गांव" के बोर्ड लगाए जाएं, सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान एवं तंबाकू सेवन पर रोक सुनिश्चित की जाए तथा पंचायतों के माध्यम से लोगों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति नियमित रूप से जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि तंबाकू नियंत्रण से जुड़े सभी प्रावधानों का सख्ती से पालन कराया जाए और उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान निषेध, शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक तथा विभिन्न विभागों के समन्वय से तैयार कार्ययोजना की भी समीक्षा की गई।
बैठक में सोहना के एसडीएम अखिलेश यादव, जिला नोडल अधिकारी डॉ. अजय, डीएफएससी के.के. गोयल, डिप्टी डीईओ दीप्ति बोकन, इंस्पेक्टर सविता, एसएमएसई. कुलदीप सिंह तथा एईटीओ सोमवीर सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
