6 अगस्त को होगी 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' जिला स्तरीय प्रतियोगिता
भिवानी, 4 अगस्त। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत पोर्टल के तहत 6 अगस्त को हालुवाशिया विद्या विहार स्कूल, भिवानी में 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' विषय पर जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में नशा विरोधी जागरूकता बढ़ाना तथा उनकी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से समाज में नशा मुक्ति का प्रभावी संदेश पहुंचाना है।
जिला युवा अधिकारी मनसा ने पत्रकार वार्ता एवं स्वयंसेवी बैठक को संबोधित करते हुए बताया कि प्रतियोगिता में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकते हैं। प्रतिभागियों के लिए माय भारत पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य है, वहीं उनकी सुविधा के लिए कार्यक्रम स्थल पर ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में लोकगीत (संगीत), नृत्य, नुक्कड़ नाटक/माइम, पेंटिंग, वाद-विवाद/भाषण, शॉर्ट फिल्म/रील, स्लोगन लेखन तथा स्लेम पोएट्री सहित कुल आठ प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। प्रत्येक प्रतिभागी प्रत्येक श्रेणी में केवल एक प्रविष्टि प्रस्तुत कर सकेगा। जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भिवानी का प्रतिनिधित्व करेंगे, जबकि राज्य स्तर के विजेता राष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेंगे।
राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार भारद्वाज ने कहा कि यह प्रतियोगिता युवाओं के लिए अपनी प्रतिभा को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का सुनहरा अवसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की यह पहल युवाओं को रचनात्मक मंच प्रदान करने के साथ-साथ नशा मुक्त भारत के अभियान को भी मजबूती देगी। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि इस प्रतियोगिता में केवल स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थी ही नहीं, बल्कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग का कोई भी युवा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकता है।
