हिसार के इस गांव में बहेगी विकास की गंगा, 4.63 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का मिला तोहफा
हिसार जिले के गांव खरकड़ी के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। PWD मंत्री रणबीर गंगवा ने गांव में 4.63 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इसमें बूस्टिंग स्टेशन, स्कूल भवन व चौपाल क उद्घाटन शामिल हैं।
लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी (PWD & Public Health) मंत्री रणबीर गंगवा ने शनिवार को हिसार के गांव खरकड़ी में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन कर ग्रामीणों को बड़ी सौगात दी। इन परियोजनाओं से गांव में शिक्षा, पेयजल और मूलभूत सुविधाओं का ढांचा और अधिक मजबूत होगा।
इन परियोजनाओं का मिला तोहफा
सुदृढ़ पेयजल व्यवस्था: गांव में पानी की आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए 2 करोड़ 75 लाख की लागत से नए 'बूस्टिंग स्टेशन का निर्माण कार्य किया जाएगा।
आधुनिक शिक्षा: विद्यार्थियों को बेहतरीन माहौल देने के लिए 1 करोड़ 80 लाख की लागत से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के नए भवन का निर्माण होगा।
सामुदायिक विकास: सामाजिक गतिविधियों के लिए 8 लाख की लागत से गांव की चौपाल के विकास कार्य करवाए जाएंगे।
सड़क निर्माण (मंजूर): वाहन चालकों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए नियाणा- खरकड़ी सड़क के निर्माण (लागत: ₹2.32 करोड़) का टेंडर किया जा चुका है।
रोजगार की आएगी बहार
इस अवसर पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि हिसार एयरपोर्ट के पास बनने वाले 'इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर' (IMC) के पूरा होने पर क्षेत्र में औद्योगिक क्रांति आएगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में बिना किसी भेदभाव के होनहार युवाओं को मेरिट (बिना पर्ची-बिना खर्ची) के आधार पर सरकारी नौकरियां मिल रही हैं, जिससे युवाओं का विश्वास बढ़ा है।
