ग्रामीण क्षेत्रों में विकास सरकार की है प्राथमिकता- स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव

 

 

 

 

चंडीगढ़, 19 सितंबर-  हरियाणा की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने शनिवार को रेवाड़ी क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों को विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। गांव काकोड़िया में आयोजित जनसभा कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री ने जिला परिषद स्कीम के तहत लाखों रुपये की लागत से पूर्ण हुए विकास कार्यों के उद्घाटन किए तथा गांव काकोड़िया में 55 लाख रुपये से अधिक की लागत से बनने वाले उप-स्वास्थ्य केंद्र के भवन का शिलान्यास किया।

 

इस मौके पर जनसभा को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। गांवों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार विकास कार्य करवाए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि जल निकासी जैसी मूलभूत व्यवस्था मजबूत होने से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को सुविधा मिलेगी और सार्वजनिक स्थलों से जुड़ी आवश्यकताओं को भी पूरा किया जा सकेगा।

 

मंत्री ने कहा कि आज जिन विकास कार्यों के उद्घाटन किए गए हैं, वे सीधे तौर पर ग्रामीणों की रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़े हुए हैं। दूषित पानी की निकासी के लिए पाइपलाइन, जोहड़ और श्मशान घाट की चारदीवारी तथा सार्वजनिक स्थलों पर टीन शेड और चौपाल जैसे कार्य गांवों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किए गए हैं। इन कार्यों से ग्रामीणों को सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ-साथ गांवों में आधारभूत ढांचे को भी मजबूती मिलेगी। काकोड़िया में उप-स्वास्थ्य केंद्र के भवन के शिलान्यास पर उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाना बेहद आवश्यक है। नया भवन तैयार होने के बाद क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर मिलेगा।

 

मंत्री ने कहा कि सरकार विकास कार्यों को केवल शहरों तक सीमित रखने के बजाय ग्रामीण क्षेत्रों में भी आवश्यकतानुसार सुविधाओं का विस्तार कर रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों की मांगों और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। इस अवसर पर जिला परिषद चेयरमैन मनोज यादव, नगर परिषद रेवाड़ी चेयरपर्सन विनीता पीपल, नगर पालिका धारूहेड़ा चेयरमैन अजय जांगड़ा,  अनिल रायपुर एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।