अम्बाला छावनी में स्थानांतरित हुए उप-श्रम आयुक्त कार्यालय का जल्द होगा उद्घाटन : श्रम मंत्री अनिल विज

 कार्यालय चलाने के लिए नगर परिषद में दो कमरे लिए, जल्द स्थाई जगह भी बनाई जाएगी : अनिल विज
 
 अम्बाला छावनी में स्थानांतरित हुए उप-श्रम आयुक्त कार्यालय का जल्द होगा उद्घाटन : श्रम मंत्री अनिल विज




ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल के लिए अशोक लीलेण्ड से एमओयू हुआ : विज

*चंडीगढ़, 5 अगस्त --- हरियाणा के श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने उप-श्रम आयुक्त का कार्यालय अम्बाला छावनी में स्थानांतरित होने के मामले में कहा कि यह बहुत बड़ी बात है कि उप-श्रम आयुक्त का कार्यालय पंचकूला से अंबाला छावनी स्थानांतरित कर दिया गया है।

आज पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि कार्यालय के सेटअप के लिए नगर परिषद, अम्बाला सदर में दो कमरे लिए है और उम्मीद है कि इस सप्ताह या अगले सप्ताह इसका उद्घाटन कर दिया जाएगा और स्थाई जगह/कार्यालय भी बनाया जाएगा। इससे, आसपास के छह-सात जिलों के श्रमिकों व उद्योग मालिक पंचकूलों के बजाए अम्बाला छावनी में लेबर कोर्ट में आएंगे और अम्बाला को इससे ज्यादा फायदा होगा कि यहां पर ही उनका काम हो जाएगा।  

ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल के लिए अशोक लीलेण्ड से एमओयू हुआ : विज

परिवहन मंत्री अनिल विज ने बताया कि अम्बाला छावनी के शाहपुर में 13 एकड़ जमीन पर अत्याधुनिक ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल (आईडीटीआर) बनाया जा रहा है जिसका अशोक लीलेण्ड से एमओयू हो गया है, यहां पर हर तरह के सर्टिफिकेट दिए जाएंगे और उसके मुताबिक ट्रेनिंग दी जाएगी। यहां पर रहने के लिए एक होस्टल भी बनाया जा रहा है जिसमें मैस, योगा हाल का प्रावधान भी होगा। ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल में हर साल लगभग दो हजार लोग नए लाइसेंस बनवा सकेंगे व लगभग 20 हजार रिन्यू हो सकेंगे।

वहीं, भाजपा द्वारा हर साल तिरंगा अभियान मनाने के प्रश्न पर ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि 15 अगस्त से पहले हर घर तिरंगा, तिरंगा यात्रा व अन्य कार्यक्रम तिरंगे के सम्मान में आयोजित किए जाते हैं।

ईएसआई नर्सों को नर्सिंग आफिसर रैंक दिया जा रहा है :  विज

वहीं, श्रम मंत्री अनिल विज ने ईएसआई नर्सों को नर्सिंग आफिसर रैंक देने के सवाल पर कहा कि जब वह स्वास्थ्य मंत्री थे तब भी नर्सिंग स्टाफ को सिन्योरिटी पर नर्सिंग आफिसर का रैंक दिया था। इसी तरह, अब ईएसआई नर्सों को नर्सिंग आफिसर का रैंक दिया जा रहा है।

एक अन्य प्रश्न पर ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा कि केजरीवाल तो हर चीज का विरोध करते हैं, वो हवा व पानी का भी विरोध करते है, यह उनकी आदत का हिस्सा बन चुका है।