यूथ मैराथन की तैयारियों का उपायुक्त शांतनु शर्मा ने लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
सिरसा, 19 नवंबर।कालांवाली में 22 नवंबर को आयोजित होने वाली यूथ मैराथन को लेकर उपायुक्त शांतनु शर्मा ने वीरवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों के साथ मैराथन के रूट, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और प्रतिभागियों की सुविधाओं से जुड़े प्रबंधों की समीक्षा की तथा आयोजन को सफल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मैराथन के निर्धारित रूट का अवलोकन किया और अधिकारियों से आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि मैराथन में भाग लेने वाले युवाओं एवं अन्य प्रतिभागियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। इसके लिए पेयजल, चिकित्सा सुविधा, साफ-सफाई, पार्किंग और यातायात नियंत्रण सहित सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि आयोजन में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करें।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल, डबवाली पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर, एसडीएम मोहित कुमार, हरियाणा बीज विकास निगम के चेयरमैन देव कुमार शर्मा, राजेंद्र सिंह देसूजोधा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
-------
युवाओं को फिटनेस और नशामुक्ति का संदेश देना मैराथन का उद्देश्य
एसडीएम मोहित कुमार ने बताया कि यूथ मैराथन के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित विभागों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है, ताकि आयोजन के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारू बनी रहें। उन्होंने कहा कि इस मैराथन का उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूक होने और खेल गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित करना है। इसके माध्यम से नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश भी जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। कालांवाली में होने वाली यूथ मैराथन को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन में भाग लेने के लिए अब तक 1,26,214 प्रतिभागी पंजीकरण करवा चुके हैं।
