समाधान शिविर में उपायुक्त महेंद्र पाल ने सुनी समस्याएं, कई शिकायतों का मौके पर किया निपटारा

 
समाधान शिविर में उपायुक्त महेंद्र पाल ने सुनी समस्याएं, कई शिकायतों का मौके पर किया निपटारा

 हिसार, 
लघु सचिवालय स्थित जिला सभागार में आयोजित समाधान शिविर में सोमवार को उपायुक्त महेंद्र पाल ने नागरिकों की समस्याओं पर सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
समाधान शिविर में अमरदीप कॉलोनी निवासी आत्म प्रकाश की जमाबंदी में लंबित पड़े इंतकाल को ठीक करवाने संबंधी मांग पर उपायुक्त महेंद्र पाल ने तहसीलदार को इंतकाल संबंधी आगामी कार्यवाही को करने के निर्देश दिए। एक प्रार्थी द्वारा झूठी निशानदेही रिपोर्ट बनाकर जमीन में गलत तरीके से बरम डालने के मामले पर उपायुक्त ने पीडब्ल्यूडी विभाग के एक्सईएन को मामले की जांच कर संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्यवाही करने की हिदायत दी। गांव किरोड़ी के निवासियों द्वारा जल जीवन मिशन के तहत अधूरी पड़े पेयजल पाइपलाइन कार्य तथा बंद पेयजल आपूर्ति को बहाल करवाने की मांग पर उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को तीव्र गति ये कार्य करते हुए नागरिकों की समस्या को जल्द से जल्द समाधान करवाने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार गांव मंगाली के प्रार्थी सतीश पूनिया द्वारा गांव में कुटिया चौक पर लगाए गए ट्रांसफार्मर के जर्जर बिजली खंभों को बदलवाने की मांग पर उपायुक्त ने दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधिकारियों को जर्जर खंभों को बदलवाने के लिए कहा। बोगा मंडी निवासी सज्जन कुमार द्वारा नमूना हस्ताक्षर को एफएसएल लैब में परीक्षण हेतु भिजवाने के मामले पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारी को उक्त मामले पर आगामी उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
समाधान शिविर में अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल, नगराधीश रोहित कुमार, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सिंह, नगर निगम अतिरिक्त आयुक्त प्रदीप कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।