डीसी वर्षा खांगवाल ने बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांवों का दौरा कर गणना प्रपत्रों के संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्य का किया निरीक्षण
बहादुरगढ़/झज्जर, 30 जून।
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने मंगलवार को उपमंडल के विभिन्न गांवों का दौरा कर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान के तहत चल रहे गणना प्रपत्र संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ द्वारा मतदाताओं से एकत्रित किए जा रहे गणना प्रपत्रों तथा उनके डिजिटाइजेशन की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। एसडीएम अभिनव सिवाच ने उपमंडल में चल रहे एसआईआर गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी।
डीसी ने मंगलवार को गांव जसौरखेड़ी, आसौदा, जाखोदा व निलोठी आदि में निरीक्षण के दौरान विभिन्न बूथों पर सम्बंधित बीएलओ से गणना फार्म भरवाने और डिजिटाइजेशन को लेकर जरूरी निर्देश दिए।
डीसी ने कहा कि सभी अतिरिक्त ईआरओ व सुपरवाइजर के माध्यम से गणना फार्म के एकत्रीकरण और डिजिटाइजेशन की हर दो दो घण्टे में मोनिटरिंग करना सुनिश्चित करें। डीसी ने स्प्ष्ट किया कि शुद्ध और त्रुटी रहित मतदाता सूची लोकतंत्र की प्रमुख आधारशिला है। एसआईआर अभियान को लेकर मतदाताओं से गणना फार्म भरवाने और उन्हें एप पर अपलोड करने के लिए 14 जुलाई तक निर्धारित की गई है। इसके उपरांत मतदाता सूचियों का ड्राफ्ट प्रकाशन किया जाएगा।
*प्रत्येक मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए प्राप्त करें गणना प्रपत्र*
डीसी ने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए गणना प्रपत्र समय पर प्राप्त किए जाएं। उन्होंने कहा कि एकत्रित सभी प्रपत्रों का बिना विलंब के डिजिटाइजेशन किया जाए ताकि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण निर्धारित समयावधि में सफलतापूर्वक पूरा हो सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने कहा कि 14 जुलाई तक चलने वाले इस विशेष अभियान में किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने पुनः अधिकारियों एवं सुपरवाइजर को नियमित मॉनिटरिंग करने तथा अभियान की दैनिक प्रगति पर नजर रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों से भी अपील की कि वे बीएलओ को आवश्यक दस्तावेज एवं गणना प्रपत्र समय पर उपलब्ध कराएं और मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अपडेट बनाने में जिला प्रशासन का सहयोग करें।
