*डीसी वर्षा खांगवाल ने गांव रईया स्थित बागवानी अनुसंधान केंद्र का दौरा कर तैयारियों का लिया जायजा*
*झज्जर, 29 जुलाई*
77वां जिला स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन झज्जर जिला के लिए महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। इसके सफल एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करें। यह निर्देश डीसी वर्षा खांगवाल ने बुधवार को जिला स्तरीय वन महोत्सव की तैयारियों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को दिए।
डीसी ने बताया कि 77वां जिला स्तरीय वन महोत्सव गुरुवार, 30 जुलाई को सुबह 10 बजे गांव रईया स्थित बागवानी अनुसंधान केंद्र में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी करनाल जिला के गांव कुटेल से राज्य स्तरीय वन महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी रहेगा।
डीसी ने बताया कि जिला स्तरीय महोत्सव में बहादुरगढ़ के विधायक राजेश जून, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव औमप्रकाश धनखड़, जिला परिषद झज्जर के चेयरमैन कप्तान सिंह बिरधाना, भाजपा जिला अध्यक्ष विकास वाल्मीकि, भाजपा नेता दिनेश कौशिक एवं संजय कबलाना, हरियाणा हाउसफेड के चेयरमैन सुभाष बंसल सहित नगर परिषद चेयरमैन तथा ब्लॉक समिति के चेयरमैन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
डीसी ने तैयारियों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण हों। उन्होंने कहा कि पेयजल, बिजली, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से सुनिश्चित की जाएं ताकि कार्यक्रम का सफल आयोजन हो सके। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से पालन करने के निर्देश भी दिए।
डीसी ने बताया कि कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी पौधारोपण कर 77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना तथा अधिक से अधिक पौधारोपण के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर एडीसी जगनिवास, सीईओ जिला परिषद मनीष कुमार फौगाट, डीएफओ साहित्ती रेडडी सहित सम्बंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
