डीसी वर्षा खांगवाल ने जिला स्तरीय समाधान शिविर में सुनीं जन समस्याएं ,अधिकारियों को अविलंब समाधान के दिए निर्देश
झज्जर, 25 जून। डीसी वर्षा खांगवाल ने गुरुवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समाधान शिविर में जिलाभर से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में आयोजित समाधान शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को विभिन्न विभागों के कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ते और एक ही स्थान पर उनकी समस्याओं पर सुनवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक समस्या को गंभीरता से लेते हुए अविलंब समाधान सुनिश्चित करें।
जिला मुख्यालय के साथ साथ उपमंडल स्तर पर लग रहे समाधान शिविर
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि जनता व प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित करते हुए लोगों की समस्याओं का निवारण शासन -प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का घर द्वार के समीप निवारण हो,इसके लिए जिला व उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार व गुरुवार को प्रातः: 10 बजे से 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। आमजन इन शिविरों में अपनी शिकायत रख सकते हैं।
यह अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर एडीसी जगनिवास व सीटीएम रितु सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे।
