डीसी उत्तम सिंह ने की समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों की समीक्षात्मक बैठक
गुरुग्राम, 01 मई : डीसी उत्तम सिंह ने समाधान शिविरों के तहत प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर निपटारा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि हर शिकायत पर की गई कार्रवाई को संबंधित पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपडेट किया जाए तथा सभी विभाग नियमित रूप से पोर्टल की निगरानी करें, ताकि कोई भी शिकायत लंबित न रहे।
लघु सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान डीसी ने
जानकारी देते हुए बताया कि समाधान शिविर की शुरुआत से अब तक कुल 8474 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें केवल 199 मामले ही लंबित हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष शिकायतों का भी शीघ्र निपटान सुनिश्चित किया जाए।
डीसी ने कहा कि समाधान शिविर आमजन को त्वरित राहत प्रदान करने की दिशा में प्रभावी मंच साबित हो रहे हैं, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर मौजूद रहकर नागरिकों की समस्याओं का समाधान करते हैं। इससे लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और प्रशासन को भी जमीनी स्तर की समस्याओं की बेहतर समझ मिलती है।
उन्होंने कहा कि शिकायतों के निपटारे में केवल औपचारिकता न बरती जाए, बल्कि समस्याओं के मूल कारणों की पहचान कर स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। इससे भविष्य में ऐसी समस्याओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सकेगा। साथ ही, निस्तारण प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी रखते हुए स्पष्ट रिपोर्ट तैयार कर संबंधित स्तर पर साझा करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
डीसी ने कहा कि जो शिकायतें लंबे समय से लंबित हैं, उनकी निगरानी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी स्वयं करें और उनका प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्वयं समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं और समय-समय पर इसकी समीक्षा बैठक भी आयोजित की जाती है। ऐसे में जिले में लंबित शिकायतों की संख्या न्यूनतम रहनी चाहिए। परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) से जुड़े मामलों पर निर्देश देते हुए डीसी ने कहा कि फील्ड विजिट टीम द्वारा की गई जांच के बाद एसडीएम स्तर पर भी चुनिंदा मामलों का सत्यापन किया जाए, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि फील्ड स्तर पर दी गई रिपोर्ट पूरी तरह सही और तथ्यात्मक है।
बैठक में गुरुग्राम के एसडीएम हितेंद्र कुमार, सीटीएम ज्योति नागपाल सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
