डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने पात्र मतदाताओं से किया आह्वान

 
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने पात्र मतदाताओं से किया आह्वान

झज्जर, 6 जुलाई।

जिला के सभी मतदाता एसआईआर -2026 के तहत प्राप्त गणना प्रपत्र को सही जानकारी के साथ भरकर 14 जुलाई तक संबंधित बीएलओ के पास अनिवार्य रूप से जमा कराएं। बीएलओ गणना प्रपत्र का साथ- साथ डिजिटाइजेशन करें। यह निर्देश डीसी वर्षा खांगवाल ने दिए। डीसी सोमवार को सम्बंधित अधिकारियों के साथ फील्ड विजिट कर रही थी। उन्होंने कहा कि गणना प्रपत्र जमा करने के बाद मतदाता बीएलओ से हस्ताक्षरित प्रति रसीद के रूप में अवश्य प्राप्त करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

*निर्धारित समयबद्ध प्रक्रिया अनुरूप हो विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम*

डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि जिलाभर में सोमवार की दोपहर बाद अब तक 4 लाख 57 हजार 557( 56.9 प्रतिशत) गणना प्रपत्र बीएलओ के माध्यम से डिजिटाइज एवं अपलोड किए जा चुके हैं। यह कार्य भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत निर्धारित समयबद्ध प्रक्रिया के अनुसार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक मतदाता को गणना प्रपत्र दो प्रतियों में उपलब्ध कराया गया है। मतदाता एक प्रति में अपना विवरण भरकर हस्ताक्षर सहित बीएलओ को वापस देंगे, जबकि दूसरी प्रति पर बीएलओ हस्ताक्षर कर उसे रसीद के रूप में मतदाता अथवा परिवार के किसी वयस्क सदस्य को वापस करेंगे। इसलिए प्रत्येक मतदाता रसीद के रूप में हस्ताक्षरित प्रति अवश्य सुरक्षित रखें।

*प्रारंभिक मतदाता सूची में केवल हस्ताक्षरित गणना प्रपत्र जमा करने वाले मतदाताओं के नाम होंगे शामिल*

डीसी ने स्पष्ट किया कि 21 जुलाई को प्रकाशित होने वाली प्रारंभिक मतदाता सूची में केवल उन्हीं मतदाताओं के नाम शामिल किए जाएंगे, जिनके हस्ताक्षरित गणना प्रपत्र निर्धारित समयावधि में बीएलओ को प्राप्त होंगे। यदि किसी मतदाता का गणना प्रपत्र जमा नहीं होता है तो उसका नाम प्रारंभिक मतदाता सूची-2026 में शामिल नहीं किया जाएगा।

*सभी पात्र मतदाता बिना किसी देरी के अपने गणना प्रपत्र बीएलओ को सौंपे प्रपत्र*

डीसी ने कहा कि गणना प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि 14 जुलाई 2026 निकट है और अब लगभग एक सप्ताह का समय शेष है। ऐसे में सभी पात्र मतदाता बिना किसी देरी के अपने गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ को सौंप दें। 

डीसी वर्षा खांगवाल ने जिले के सभी राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से भी अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक करें तथा आयोग के निर्देशों के अनुरूप गणना प्रपत्र भरवाकर उन्हें संबंधित बीएलओ तक पहुंचाने में सहयोग करें।

*21 जुलाई को प्रकाशित होगा मतदाता सूचियों का प्रारंभिक प्रकाशन*

डीसी ने बताया कि आगामी 21 जुलाई को मतदाता सूचियों का प्रारंभिक प्रकाशन होगा। मतदाता सूची में केवल गणना प्रपत्र जमा करने वाले मतदाताओं के नाम शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि गणना प्रपत्र भारत निर्वाचन आयोग के ऑनलाइन पोर्टल पर भी भरा जा सकता है। ऐसे में सभी मतदाता समय रहते गणना फार्म प्रक्रिया पूरी कर अपने मताधिकार को सुरक्षित रखें।