हरियाणा में डेयरी संचालक की हत्या, 4 दिन बाद भी नहीं हुआ अंतिम संस्कार
हरियाणा के हिसार में डेयरी संचालक की हत्या का मामला अब गहराता जा रहा है। यहां सूर्यनगर में डेयरी संचालक की हत्या को लेकर लोगों ने रोड जाम कर दिया और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की।
4 दिन बाद भी नहीं हुआ अंतिम संस्कार
मिली जानकारी के अनुसार मामला हिसार के सूर्यनगर का है। यहां बीते 4 अगस्त को डेयरी संचालक जीवन की उसके पड़ोसियों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। हत्या के चार दिन बाद भी मृतक का अंतिम संस्कार नहीं किया गया है। बताया जा रहा है कि 4 अगस्त की सुबह करीब साढ़े 5 बजे डेयरी संचालक जीवन बाइक पर ट्रॉली लगाकर गोबर डालने जा रहा था।
इसी दौरान पड़ोस के करीब 10-12 युवकों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल जीवन को परिजन पास के अस्पताल लेकर पहुंचे। इस दौरान जीवन ने बताया कि उसके पड़ोसी रमेश और उसके साथ 10-15 युवक थे। जिन्होनें उस पर हमला किया था। अस्पताल में इलाज के दौरान जीवन की मौत हो गई।
दो आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में अब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। ऐसे में लोगों ने आज शनिवार को रोड जाम किया और फिर रोड से जाम खोलकर लघु सचिवालय में धरना देने का फैसला किया। धरने पर बैठे लोगों ने एसपी से आरोपियों की गिरफ्तारी के बारें में सवाल किए।
इस दौरान SP सिंद्धात जैन ने बताया कि अब तक दो आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके है। आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे है। 12 आरोपियों के फोन ट्रेस किए जा रहे है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वहीं परिजनों का कहना है कि जब तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, तब तक वह जीवन का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। इस मामले में एसपी ने आश्वासन देते हुए कहा कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी होगी। लेकिन एसपी के आश्वासन से लोग संतुष्ट नहीं हुए। उन्होनें कहा कि अब पंचायत अपना फैसला करेगी। पूनिया खाप प्रधान शमशेर सिंह ने कहा कि अब हम पक्का धरना लगाएंगे और जब तक हमें इंसाफ नहीं मिलता, तब तक धरना जारी रहेगा। फिलहाल इस पूरे मामले की जांच जारी है।
