भारतीय महिला कबड्डी टीम में चमकी चरखी दादरी की रितु श्योराण, एशियन गेम्स में ईरान को हराकर जीता गोल्ड
एशियन गेम्स में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने गोल्ड जीतकर पूरे देश का नाम रोशन किया है। फाइनल के रोमांचक मुकाबले में भारत ने ईरान को 37-34 से हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। चरखी दादरी के गांव बिलावल की बहू रितु श्योराण ने भी इस फाइनल मुकाबले में ऑलराउंडर के तौर पर अहम भूमिका निभाई।
एशियन गेम्स के इतिहास में खिलाड़ी रितु श्योराण का यह कुल तीसरा पदक है। रितु की इस जीत पर उनके पूरे गांव और परिवार में खुशी का माहौल है। परिजनों ने फाइनल मैच का लाइव प्रसारण देखा और भारत की जीत पर जश्न मनाया।
वहीं रितु श्योराण ने कहा, देशवासियों की दुआओं और फेडरेशन के समर्थन से यह गोल्ड मिला है। रितु ने अपने कोच, टीम और फेडरेशन पदाधिकारियों का विशेष आभार जताया। साथ ही उनके पति व कोच नसीब जांगू ने जीत पर पूरे देश, खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को बधाई दी।
नसीब जांगू ने बताया कि रितु पिछले 3-4 साल से हंसावास की वाइब्रेंट कबड्डी एकेडमी में कड़ी मेहनत कर रही थीं। जब भी रितु को कोर्ट पर मौका मिला, उन्होंने अपना शत-प्रतिशत योगदान दिया। उन्होनें कहां एशियन गेम्स में तिरंगा लहराने के बाद अब टीम और रितु का अगला लक्ष्य राष्ट्रमंडल खेलों में गोल्ड जीतना है।
