सिख समुदाय का साहस और बलिदान देश के लिए प्रेरणा: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सिख समुदाय की वीरता, त्याग और धर्म की रक्षा के प्रति अटूट समर्पण की विरासत आज भी नई पीढ़ियों को प्रेरित कर रही है। शनिवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में सिख संगत द्वारा आयोजित "धन्यवाद" कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख समुदाय ने इतिहास में साहस और आत्मबलिदान के असाधारण उदाहरण स्थापित किए हैं।
उन्होंने कहा कि सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव से लेकर गुरु गोविंद सिंह तक सभी गुरु साहिबानों ने मानवता को सेवा, समानता और साहस का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि "हिंद दी चादर" के रूप में पूजनीय गुरु तेग बहादुर सिंह का सर्वोच्च बलिदान और चार साहिबजादों की शहादत उस महान परंपरा का हिस्सा है, जिसने राष्ट्र की रक्षा के साथ-साथ आध्यात्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों को भी मजबूत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार सिख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि पर्यटन मंत्रालय ने स्वदेश दर्शन योजना के तहत आंनदपुर साहिब, फतेहगढ़ साहिब, चमकोर साहिब,फिरोजपुर, अमृतसर, खटकड़ कलां, कलानौर और पटियाला हेरिटेज सर्किट के विकास को मंजूरी दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा केंद्र सरकार के महत्वपूर्ण पहलों में डेरा बाबा नानक को करतारपुर साहिब से जोड़ने वाला अमृतसर और तख्त श्री हुजुर साहिब, नादेड़ के बीच विशेष हवाई संपर्क शुरू करना और करतारपुर कोरिडोर का उद्घाटन करना शामिल है।
