उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच की कार्यवाही 20 अगस्त को रोहतक में
चंडीगढ़, 19 अगस्त— उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम उपभोक्ताओं को विश्वसनीय, गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उनकी बिजली संबंधी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी दिशा में उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच की कार्यवाही 20 अगस्त, 2026 को प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक राजीव गांधी विद्युत भवन, पावर हाउस, रोहतक के कांफ्रेंस हॉल में आयोजित की जाएगी।
यह जानकारी देते हुए बिजली निगम के प्रवक्ता ने बताया कि रेगुलेशन 2.8.2 के तहत उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच 1 लाख रुपये से अधिक तथा 3 लाख रुपये तक की राशि से संबंधित वित्तीय विवादों की शिकायतों की सुनवाई करेगा। उन्होंने बताया कि रोहतक जोन के अंतर्गत आने वाले करनाल, पानीपत, सोनीपत, झज्जर और रोहतक जिलों के उपभोक्ताओं की शिकायतों का निवारण इस मंच के माध्यम से किया जाएगा।
प्रवक्ता ने बताया कि इस दौरान गलत बिजली बिलों, बिजली की दरों से संबंधित मामलों, मीटर सिक्योरिटी, खराब मीटर तथा वोल्टेज से संबंधित शिकायतों पर सुनवाई की जाएगी। हालांकि, बिजली चोरी, बिजली के दुरुपयोग तथा घातक एवं गैर-घातक विद्युत दुर्घटनाओं से संबंधित मामलों पर इस मंच द्वारा विचार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि उपभोक्ता और निगम के बीच वित्तीय विवाद से संबंधित शिकायत मंच के समक्ष प्रस्तुत करने से पहले उपभोक्ता को नियमानुसार राशि जमा करवानी होगी। यह राशि पिछले छह महीनों के दौरान उपभोक्ता द्वारा भुगतान किए गए औसत बिजली शुल्क के आधार पर प्रत्येक माह के लिए दावा की गई राशि अथवा उसके द्वारा देय बिजली शुल्क के बराबर राशि में से जो कम हो, उसके आधार पर निर्धारित होगी।
प्रवक्ता ने यह भी स्पष्ट किया कि शिकायतकर्ता को यह प्रमाणित करना होगा कि संबंधित मामला किसी न्यायालय, प्राधिकरण अथवा अन्य फोरम के समक्ष लंबित नहीं है। न्यायालय या किसी अन्य फोरम में विचाराधीन मामलों पर उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच की कार्यवाही के दौरान विचार नहीं किया जाएगा।
उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम ने रोहतक जोन के अंतर्गत आने वाले जिलों के उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अपनी बिजली संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए 20 अगस्त को प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक राजीव गांधी विद्युत भवन, पावर हाउस, रोहतक के कांफ्रेंस हॉल में आयोजित होने वाली कार्यवाही में उपस्थित होकर मंच के समक्ष अपनी शिकायतें प्रस्तुत करें और उपलब्ध निवारण प्रक्रिया का लाभ उठाएं।
उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम प्रदेश के सभी उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं प्रदान करने तथा निरंतर एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
