पलवल-अलीगढ़ हाईवे का निर्माण शुरू, 33 KM लंबा बाईपास भी बनेगा; करीब 1361 करोड़ आएगी लागत

तीन कंपनियों ने निर्माण कार्य किया शुरू
पलवल को अलीगढ़ से जोड़ने के लिए 72 KM लंबे हाईवे प्रस्तावित है। अब पलवल-टप्पल-अलीगढ़ (पीटीए) नेशनल हाईवे 334 डी का निर्माण भी शुरू हो गया है। इस हाईवे में करीब 33 किलोमीटर लंबा बाईपास, एक फ्लाईओवर और तीन अंडरपास का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही सर्विस रोड भी बनाई जाएगी। तीन कंपनियों ने निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया है।
दो साल में पूरा होगा निर्माण
दावा किया जा रहा है कि नये हाईवे का निर्माण दो साल में पूरा हो जाएगा। इस हाईवे के बनने से डिफेंस कॉरिडोर सीधे जेवर एयरपोर्ट से जुड़ जाएगा। इसके अलावा अलीगढ़ के खैर और जट्टारी में लगने वाले जाम से लाखों लोगों को हमेशा के लिए छुटकारा मिल जाएगा। लोग बिना जाम के फर्राटेदार सफर का मजा ले सकेंगे।
33 KM लंबा फोरलेन बाईपास भी बनेगा
यह हाईवे 72 किलोमीटर का हाईवे खेरेश्वर चौराहे से शुरू होगा, जो खैर होकर निकलेगा। इसके बाद अलीगढ़ और आसपास के गांवों को सीधा फायदा होगा। NHAI के अधिकारियों ने बताया कि रजपुरा गांव में टोल प्लाजा का निर्माण कराया जाएगा। खैर व जट्टारी में 33 किलोमीटर लंबा फोरलेन बाईपास बनाया जाएगा।
पेड़ों का कटान शुरू
इसके साथ ही खैर से अंडला तक 10 किलोमीटर और जट्टारी से तीन किमी तक फोरलेन सड़क का निर्माण किया जाएगा। खेरेश्वर से अर्राना तक हाईवे के साथ सर्विस रोड का भी निर्माण किया जा रहा है। वन विभाग से NOC मिलने के बाद पेड़ों का कटान शुरू कर दिया गया है। इस हाईवे के निर्माण से खैर एवं जट्टारी में लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलेगी।
हाईवे के निर्माण में 1361 करोड़ आएगी लागत
इस हाईवे पर जो तीन अंडरपास बनाए जाएंगे, वो लोधा, अंडला और राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय पर सात से 12 मीटर का अंडरपास होगा। इसके अलावा 30 मीटर लंबे डिफेंस कोरिडोर पर फ्लाईओवर का निर्माण होगा। नये हाईवे के निर्माण में 1361 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसमें 530 करोड़ रुपये मुआवजा के रूप में दिया जाएगा। इस हाईवे के बनने से डिफेंस कॉरिडोर जेवर एयरपोर्ट से जुड़ जाएगा। अलीगढ़ भी नोएडा एनसीआर से सीधे जुड़ जाएगा।