माय युवा भारत पोर्टल से अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ें: सीटीएम अनिल कुमार
भिवानी, 22 जुलाई। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत माय युवा भारत केंद्र, द्वारा बुधवार को लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में जिला सलाहकार समिति एवं जिला समन्वय समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता सीटीएम अनिल कुमार ने की। बैठक को संबोधित करते हुए सीटीएम अनिल कुमार ने कहा कि अधिक से अधिक युवाओं को माय युवा भारत पोर्टल से जोड़ना समय की आवश्यकता है। इस पोर्टल के माध्यम से युवाओं को समाज और राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही देश की वास्तविक शक्ति है। राष्ट्र के निर्माण में युवाओं की सबसे बड़ी भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि विभिन्न सरकारी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों तथा सामाजिक संगठनों को जब भी स्वयंसेवकों अथवा युवा प्रतिभागियों की आवश्यकता होगी, तब माय युवा भारत से जुड़े युवा प्रभावी भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए युवाओं को सरकारी योजनाओं, सामाजिक अभियानों तथा जनहित कार्यक्रमों से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य एवं खेल विभाग के अधिकारियों, स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, सामाजिक संगठनों तथा यूथ क्लबों के प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने स्तर पर अधिक से अधिक युवाओं का माय युवा भारत पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित करें, ताकि उनकी ऊर्जा, प्रतिभा एवं क्षमता का उपयोग राष्ट्रहित में किया जा सके।
जिला युवा अधिकारी मनसा ने बताया कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग का प्रत्येक युवा मात्र दो मिनट की सरल प्रक्रिया के माध्यम से माय युवा भारत पोर्टल पर अपना पंजीकरण कर सकता है। उन्होंने कहा कि पोर्टल से जुडऩे वाले युवाओं को सामाजिक, शैक्षणिक, खेल एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में भागीदारी का अवसर मिलेगा। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण कर देश और समाज की सेवा में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
बॉक्स
-स्वयंसेवक से यूथ पार्लियामेंट तक रही साक्षी वर्मा की प्रेरक यात्रा
कार्यक्रम में मौजूद रही साक्षी वर्मा ने बताया कि उन्होंने माय भारत पोर्टल में स्वयंसेवक (वॉलंटियर) के रूप में पंजीकरण करवाया। उन्होंने प्रतिभा और सक्रिय भागीदारी के दम पर प्रदेश से विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट के लिए चयनित तीन विद्यार्थियों में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्होंने नई दिल्ली के सेंटर हॉल में आयोजित विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट में युवाओं का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने विचार प्रभावशाली ढंग से रखे। साक्षी का मानना है कि हर प्रतिकूल परिस्थिति को युवा अपनी ऊर्जा, सोच और संकल्प से अनुकूल बना सकते हैं। उनकी उपलब्धि जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
बैठक के दौरान डिप्टी डीईओ राजबाला, डीआईओ अमित लांबा, एलडीएम राजन मल्होत्रा, जिला रेडक्रास से विकास कुमार, एईओ दीपक शर्मा, डीआरडीए से रामबीर और युवा राष्ट्रपति अवार्डी अशोक भारद्वाज सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों, यूथ क्लबों तथा स्काउट एंड गाइड के पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
