9 अगस्त को सिरसा में होगा कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन, जिला अध्यक्ष संतोष बेनीवाल की अध्यक्षता में पूर्व सांसद विजेंद्र सिंह करेंगे संबोधित 

 
9 अगस्त को सिरसा में होगा कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन, जिला अध्यक्ष संतोष बेनीवाल की अध्यक्षता में पूर्व सांसद विजेंद्र सिंह करेंगे संबोधित 

सिरसा। सिरसा के कांग्रेस भवन में आगामी 9 अगस्त को कांग्रेस कार्यकर्ताओं का एक विशाल सम्मेलन होगा जिसकी अध्यक्षता कांग्रेस जिला अध्यक्ष संतोष बेनीवाल करेंगी। इस बैठक में पूर्व सांसद विजेंद्र सिंह मुख्य वक्ता के तौर पर शिरकत करेंगे। सम्मेलन की तैयारियों को लेकर एक अहम बैठक में कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय कर दी गई। इस सम्मेलन को सफल बनाने के लिए कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष बेनीवाल पूरे जिले में कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। 1 अगस्त को डबवाली, 2 को कालांवाली, 4 को रानियां, 5 को ऐलनाबाद और 6 अगस्त को सिरसा विधानसभा क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगी। संतोष बेनीवाल ने कहा कि मौजूदा सरकार की जनविरोधी नीतियों और विफलता के कारण आज किसान, मजदूर, व्यापारी और युवा पूरी तरह से परेशान हैं। विकास के बड़े-बड़े दावे करने वाली यह सरकार धरातल पर हर मोर्चे पर नाकाम साबित हुई है। महंगाई, बेरोजगारी और प्रशासनिक ढिलाई से आम जनता का जीना दूभर हो गया है। सिरसा जिले की जनता अब इस तानाशाही और जुमलेबाजी वाली सरकार से पूरी तरह तंग आ चुकी है और बदलाव का मन बना चुकी है। संतोष बेनीवाल ने कहा कि आगामी 1 अगस्त से वे सभी विधानसभाओं में बैठकें लेंगी और और 9 अगस्त का कार्यकर्ता सम्मेलन इस जनविरोधी सरकार के खिलाफ बिगुल फूंकने का काम करेगा, जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट होकर सरकार की जनविरोधी नीतियों का मुंहतोड़ जवाब देंगे।