विभाग समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों का शीघ्र करें निपटान : एडीसी अर्पित संगल
सिरसा, 30 जुलाई।
हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार जिला व उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार व वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। वीरवार को स्थानीय लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने आमजन की शिकायतें सुनी और विभागों को जल्द समाधान के निर्देश दिए। जिला में आयोजित समाधान शिविरों में कुल 18 शिकायतें आई।
अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने अधिकारियों से कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर लोगों की समस्याओं का समाधान करें। इसके साथ सरकार द्वारा क्रियान्वित की गई जनकल्याणकारी योजनाओं व कार्यों बारे भी आमजन को जागरूक करें। उन्होंने कहा कि जो शिकायतें रिओपन हो रही हैं, उनके पीछे के कारणों की गहनता से जांच कर स्थायी समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में वही शिकायत दोबारा न आए। इसके लिए संबंधित विभागाध्यक्ष स्वयं संज्ञान लें और शिकायतकर्ता की संतुष्टि को प्राथमिकता दें।
उन्होंने बताया कि समाधान शिविर आमजन की एक ही छत के नीचे जन समस्या का समाधान करने का माध्यम है। इसलिए आमजन ज्यादा से ज्यादा समाधान शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याएं हल करवाएं। उन्होने बताया कि हर सोमवार व वीरवार को कार्यदिवस के दिन सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक नागरिक जिला व उपमंडल स्तर पर आयोजित होने वाले समाधान शिविर में अपनी समस्याएं रख सकते हैं।
