करनाल  सेक्टर-13 में मार्केट के साथ लगती रिक्त भूमि पर कमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण करने की योजना तैयार - कृष्ण कुमार बेदी

 
करनाल  सेक्टर-13 में मार्केट के साथ लगती रिक्त भूमि पर कमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण करने की योजना तैयार - कृष्ण कुमार बेदी

 

 

चंडीगढ़ 1 सितंबर - हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि करनाल  सेक्टर-13 में मार्केट के साथ लगती रिक्त भूमि पर कमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण करने की योजना तैयार की जा चुकी है। मार्च 2027 तक इस योजना पर कार्य शुरू किया जाएगा।

 

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी मानसून सत्र के तीसरे दिन पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि स्वीकृत योजना के अनुसार इसे विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सेक्टर-13, करनाल के शॉपिंग सेंटर में 2,560 वर्ग मीटर भूमि वर्तमान में रिक्त है। यह स्थल मूल रूप से सिनेमा साइट के लिए आरक्षित था, जिसे वर्ष 2008 में पुनः नियोजित कर 1,800 वर्ग मीटर क्षेत्र वाणिज्यिक कॉम्प्लेक्स तथा 760 वर्ग मीटर क्षेत्र पार्किंग, फुटपाथ एवं अन्य सम्बंधित सुविधाओं के लिए निर्धारित किया गया।

शॉपिंग सेंटर के आसपास के विकास कार्य,  पानी की सप्लाई और सीवरेज  के कार्य पहले ही किए जा चुके थे। एचएसवीपी द्वारा शॉपिंग सेंटर में सड़कों, पार्किंग और फुटपाथ का निर्माण वर्ष 1983 में लगभग 4.75 लाख रूपये की अनुमानित लागत से किया था। साथ ही, विद्युतीकरण और स्ट्रीट लाइटिंग का कार्य  किया गया था।

 

श्री बेदी ने कहा कि इस स्थल पर पार्किंग, फुटपाथ एवं अन्य सम्बंधित सुविधाओं के विकास हेतु अनुमान तैयार किया जा रहा है। इन कार्यों के पूर्ण होने के उपरांत वाणिज्यिक कॉम्प्लेक्स के लिए निर्धारित स्थल को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा ई-नीलामी के माध्यम से निस्तारित किए जाने का प्रस्ताव है।