दिल्ली में भी CNG पंप प्रभावित
आपको बता दें कि बागपत के पास गेल इंडिया की पाइपलाइन फटने से CNG वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले चार दिनों से बहादुरगढ़, झज्जर और सोनीपत के CNG पंपों के साथ-साथ राजधानी दिल्ली के भी कुछ CNG पंपों पर CNG गैस उपलब्ध नहीं हो पा रही। जिसकी वजह से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बहादुरगढ़ के CNG पंप खाली पड़े हुए हैं। वहीं दिल्ली के CNG पंपों पर वाहनों की लंबी कतारे देखने को मिल रही हैं। बहादुरगढ़ में हर रोज करीब एक लाख किलोग्राम CNG गैस की खपत होती है। लेकिन गेल इंडिया की पाइपलाइन में फाल्ट के चलते गैस आपूर्ति नहीं हो रही।
CNG वाहन चालकों को अभी और झेलनी पड़ेगी परेशानी
बहादुरगढ़ में CNG पंपों पर गैस की आपूर्ति करने वाली हरियाणा सिटी गैस कंपनी के अधिकारियों से CNG स्टेशन संचालकों ने बात की तो पता चला कि अभी कुछ दिन और CNG गैस की आपूर्ति सही ढंग से नहीं की जा सकेगी। यानी आने वाले दिनों में भी CNG गैस लेने के लिए वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
