CM सैनी ने कहा, ‘हरियाणा एक, हरियाणवी एक’ की भावना पर काम कर रही सरकार
सड़क और कनेक्टिविटी पर बड़ा फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि दक्षिण हरियाणा, खासकर नारनौल और महेंद्रगढ़ क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क नेटवर्क से न केवल आवागमन आसान होगा बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि सरकार कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही है, जिनमें क्षेत्र में लॉजिस्टिक्स हब का विकास भी शामिल है। इस प्रोजेक्ट से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और क्षेत्र निवेश के लिहाज से और मजबूत बनेगा।
पानी की समस्या पर सरकार का दावा
सीएम सैनी ने कहा कि लंबे समय से दक्षिण हरियाणा में पानी की समस्या एक बड़ी चुनौती रही है। इसे दूर करने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि नहरों के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने के लिए योजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है, ताकि किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों को राहत मिल सके।
भाजपा संगठन पर भी बोले मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने भाजपा की संगठनात्मक व्यवस्था की तुलना अन्य दलों से करते हुए कहा कि पार्टी में परिवारवाद नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा में साधारण कार्यकर्ता भी मेहनत के दम पर शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच सकता है। संगठन में योग्यता, समर्पण और परिश्रम को महत्व दिया जाता है और यही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है
जिला कार्यालय को जनता से जोड़ने का संदेश
सीएम ने कहा कि जिला भाजपा कार्यालय केवल संगठन का केंद्र नहीं होना चाहिए, बल्कि यह जनता की समस्याओं के समाधान का माध्यम भी बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब भी कोई व्यक्ति किसी भी वर्ग से कार्यालय आए, तो उसे यह भरोसा होना चाहिए कि उसकी बात सुनी जाएगी और समाधान निकलेगा।
