Haryana: हरियाणा में 9वीं कक्षा के छात्र को सहपाठी ने मारी गोली, मौके पर मौत

 
Haryana: हरियाणा के हिसार से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां सातरोड कैंट के पास एक नौवीं कक्षा के छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावर ने दीपांशु के पेट में दो गोलियां मारीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हत्याकांड का आरोपी भी नौवीं कक्षा का एक सहपाठी बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार दीपांशु के पिता प्रकाश सेना से रिटायर होने के बाद SBI बैंक में गार्ड के रूप में कार्यरत हैं, मस्तनाथ कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहते हैं। दीपांशु पहले दिल्ली पब्लिक स्कूल में पढ़ता था, लेकिन इस साल उसका दाखिला RPF हांसी में कराया गया था। पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे दीपांशु दूध लेने के लिए स्कूटी पर सवार होकर कैंट क्षेत्र गया था। इसी दौरान किसी ने उसे फोन करके सातरोड कैंट के पास रेलवे लाइन के नजदीक लोडिंग पॉइंट पर बुलाया। वहां पहुंचने पर एक सहपाठी ने उस पर गोली चला दी। गोली लगने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दीपांशु को तुरंत जिंदल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से गोली के खोल बरामद किए हैं और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है, जो घटना के बाद फरार हो गया।