सीजेएम पवन कुमार ने जिला जेल व सेफ हाउस का किया औचक निरीक्षण
भिवानी, 01 जुलाई। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के चेयरमैन एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. गगनदीप कौर सिंह के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव एवं सीजेएम पवन कुमार ने बुधवार को स्थानीय जिला कारागार तथा पुलिस लाइन परिसर स्थित सेफ हाउस का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बंदियों एवं सेफ हाउस में रह रहे लोगों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला कारागार में सीजेएम पवन कुमार ने कैदियों एवं हवालातियों से बातचीत कर उनके मामलों में आ रही कानूनी कठिनाइयों और अन्य समस्याओं को सुना तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक जानकारी दी। उन्होंने जेल की विभिन्न बैरकों, कानूनी सहायता क्लीनिक और जेल अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान सीजेएम ने जेल के रसोईघर का भी दौरा किया। उन्होंने तैयार हो रहे भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को भोजन तैयार करने में साफ-सफाई के उच्च मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने मुलाकाती कक्ष का निरीक्षण कर बंदियों से मिलने आए परिजनों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं।
इसके उपरांत सीजेएम पवन कुमार ने पुलिस लाइन परिसर स्थित सेफ हाउस का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने वहां की साफ-सफाई, रहन-सहन, पेयजल व्यवस्था और भोजनालय का निरीक्षण किया। सेफ हाउस में रह रहे युगल जोड़ों को जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली कानूनी सहायता एवं अन्य सेवाओं की जानकारी दी।
सीजेएम ने सेफ हाउस प्रभारी को निर्देश दिए कि यहां आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की स्वास्थ्य जांच कराई जाए, पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा उनकी सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। निरीक्षण के दौरान जिला कारागार एवं सेफ हाउस का स्टाफ तथा संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
