5 अगस्त को गुरुग्राम में होगा सिविल डिफेंस मॉक एक्सरसाइज का आयोजन*

 

गुरुग्राम, 4 अगस्त।

सिविल डिफेंस गुरुग्राम की डिप्टी कंट्रोलर श्रृष्टि ने बताया कि कमांडेंट जनरल होम गार्ड्स एवं निदेशक सिविल डिफेंस, हरियाणा के निर्देशानुसार 5 अगस्त को प्रातः 11 बजे से गुरुग्राम में सिविल डिफेंस मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। इस अभ्यास का उद्देश्य किसी भी आपदा अथवा आपातकालीन स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा त्वरित एवं प्रभावी राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का आकलन करना है।

उन्होंने बताया कि मॉक एक्सरसाइज के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन सहित पुलिस, स्वास्थ्य, अग्निशमन, विद्युत, होमगार्ड, एसडीआरएफ तथा अन्य संबंधित विभागों से आवश्यक सहयोग मांगा गया है। सभी विभागों को नोडल अधिकारी नियुक्त करने तथा आवश्यक उपकरण, वाहन एवं अन्य संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है, ताकि अभ्यास का सफलतापूर्वक संचालन किया जा सके और आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।