*झज्जर, 19 नवंबर जिला मुख्यालय स्थित नागरिक अस्पताल में डीसी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में विश्व एंटी माइक्रोबियल रेजिस्टेंस जागरूकता सप्ताह के तहत एंटीमाइक्रोबियल स्टीवर्डशिप प्रोग्राम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से आमजन, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग तथा एंटी माइक्रोबियल रेजिस्टेंस की बढ़ती चुनौती के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इन्फेक्शन कंट्रोल ऑफिसर डॉ. अंजलि ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि एंटी माइक्रोबियल रेजिस्टेंस आज स्वास्थ्य क्षेत्र के सामने एक गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। इसका प्रमुख कारण बिना चिकित्सीय सलाह के एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन और उनका अनुचित उपयोग है। उन्होंने कहा कि एंटीबायोटिक दवाओं का इस्तेमाल केवल चिकित्सक की सलाह के अनुसार ही करना चाहिए। स्वयं दवा लेना और निर्धारित उपचार में लापरवाही बरतना इस समस्या को बढ़ावा दे सकता है।
इस बीच अस्पताल के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने पोस्टर के माध्यम से एंटीबायोटिक दवाओं के सही और जिम्मेदारी पूर्ण उपयोग का संदेश दिया।
----------------
