जिले के नागरिक नांदेड़ यात्रा के लिए आवेदन अब 13 मई तक

 
 जिले के नागरिक नांदेड़ यात्रा के लिए आवेदन अब 13 मई तक

हिसार, 11 मई। हरियाणा सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक यात्रा का लाभ देने के उद्देश्य से आवेदन प्रक्रिया की अंतिम तिथि को एक बार फिर से 13 मई तक बढ़ा दिया गया है। जिले के पात्र नागरिक अब 13 मई तक तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड़ की निशुल्क यात्रा के लिए सरल हरियाणा पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।


यह जानकारी देते हुए उपायुक्त महेंद्र पाल ने बताया कि योजना का लाभ 60 वर्ष या उससे अधिक के नागरिक ले सकते हैं । आवेदनकर्ता की धर्मपत्नी भी योजना के लाभ के लिए पात्र होगी। 1.80 लाख रुपये तक की आय वाले परिवार योजना के लिए पात्र हैं। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिक निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना आवेदन अवश्य करें, ताकि उन्हें इस विशेष धार्मिक यात्रा का लाभ मिल सके।

उन्होंने बताया कि 15 मई को जिला सिरसा रेलवे स्टेशन से श्रद्धालुओं के लिए विशेष रेलगाड़ी रवाना होगी, जिसके माध्यम से यात्रियों को तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड़ ले जाया जाएगा।

उन्होंने जिले के सभी गुरुद्वारा प्रबंधकों तथा समाजिक-धार्मिक प्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने आसपास रहने वाले पात्र वरिष्ठ नागरिकों को योजना की जानकारी दें और अधिक से अधिक लोगों को पंजीकरण के लिए प्रेरित करें, ताकि जरूरतमंद नागरिक यात्रा का लाभ उठा सकें।