जनकल्याण शिविरों में नागरिकों को एक ही स्थान पर मिल रही सरकारी सेवाएं : पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. कमल गुप्ता

 
 जनकल्याण शिविरों में नागरिकों को एक ही स्थान पर मिल रही सरकारी सेवाएं : पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. कमल गुप्ता
हिसार, 16 जून।
केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ आम नागरिकों तक सरलता और सुलभता से पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को हिसार खंड विकास एवं पंचायत विभाग कार्यालय तथा बरवाला उपमंडल स्तर पर जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया गया। हिसार में आयोजित शिविर का शुभारंभ पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. कमल गुप्ता तथा महापौर प्रवीण पोपली ने किया।
इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि जनकल्याण शिविरों का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को विभिन्न विभागों से संबंधित सेवाएं एवं सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाना है, ताकि उन्हें अपनी समस्याओं और कार्यों के लिए अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार नागरिकों को पारदर्शी, प्रभावी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। शिविर के दौरान सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष प्रदर्शनी लगाई गई, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। प्रदर्शनी के माध्यम से केंद्र सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी गई। इसके पश्चात केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया। वहीं लोक कलाकारों ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सरकार की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने केंद्र सरकार के ऐतिहासिक निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने अपने कार्यकाल में देश के स्वाभिमान और राष्ट्रीय हित से जुड़े अनेक जटिल विषयों का सफलतापूर्वक समाधान किया है। उन्होंने कहा कि धारा 370 को समाप्त करने जैसे महत्वपूर्ण निर्णयों ने देश की एकता और अखंडता को और अधिक मजबूत किया है। इसके अलावा सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा के मामलों में भी दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय देते हुए दुश्मन देशों को करारा जवाब दिया है।
इस अवसर पर एसडीएम ज्योति मित्तल, बीडीपीओ कुलबीर नैन, विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सिंह, ब्लॉक समिति चेयरमैन पूनम, चेयरमैन अजय गावड़, चेयरमैन पूनम बिश्रोई, चेयरमैन प्रतिनिधि सुरेंद्र मंडा, प्रवीण जैन, पार्षद संजय डालमिया, सुरेश गोयल धूपवाला, प्रवीन पोपलिका, स्याहड़वा सरपंच राजेश, सरपंच तलवंडी बादशाहपुर चरण सिंह, बीडीओ सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।