बादली में आज लगेगा मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान मेला: एडीसी

 
 बादली में आज लगेगा मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान मेला: एडीसी

बादली /बहादुरगढ़, 25 जुलाई।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार की महत्वाकांक्षी पहल मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत रविवार, 26 जुलाई को बादली स्थित बीडीपीओ कार्यालय परिसर में एक दिवसीय अंत्योदय मेले का आयोजन किया जाएगा। डीसी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस मेले का उद्देश्य पात्र परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना तथा उन्हें स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रोत्साहित करना है।

प्री-काउंसलिंग टीम कर रही लाभार्थियों से जनसंपर्क
अंत्योदय मेले के बारे में एडीसी जगनिवास ने बताया कि मेले की सफलता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन की प्री-काउंसलिंग टीम लगातार क्षेत्र में लाभार्थियों से संपर्क कर रही हैं। इन टीम का प्रयास है कि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि मेले में प्रत्येक पात्र लाभार्थी को उसकी आवश्यकता और पात्रता के अनुरूप योजनाओं से जोड़ने पर विशेष फोकस रहेगा।

मेले से पहले दस्तावेजों की जानकारी देने के निर्देश
एडीसी ने अंत्योदय मेले की तैयारियों को लेकर आयोजित व्यवस्था बारे जानकारी देते हुए बताया कि लाभार्थियों को योजनाओं से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों की सूची पहले ही उपलब्ध करा दी जाए, ताकि मेले के दिन उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

19 विभागों की योजनाओं का मिलेगा लाभ
एडीसी ने बताया कि अंत्योदय मेले में प्रदेश सरकार के 19 प्रमुख विभाग अपने-अपने स्टॉल लगाकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी एवं लाभ प्रदान करेंगे। इनमें पशुपालन एवं डेयरी विभाग की हाईटेक व मिनी डेयरी, भेड़-बकरी एवं कुक्कुट पालन योजनाएं, हरियाणा डेयरी विकास प्रसंघ की वीटा बूथ आवंटन योजना, महिला विकास निगम की मातृशक्ति उद्यमिता एवं नारी ई-रिक्शा योजना, बाल कल्याण परिषद के सिलाई, कढ़ाई, ब्यूटी केयर और कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम शामिल हैं।
इसके अलावा अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण निगम की स्वरोजगार एवं सावधि ऋण योजनाएं, हरियाणा कौशल विकास निगम के कौशल एवं चालक प्रशिक्षण कार्यक्रम, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम निदेशालय का प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, उद्यान विभाग की मधुमक्खी पालन एवं मशरूम खेती योजनाएं तथा मत्स्य पालन विभाग की मत्स्य सम्पदा योजना के तहत भी लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
साथ ही रोजगार विभाग, रेडक्रॉस, कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी), शहरी स्थानीय निकाय विभाग तथा ग्रामीण विकास विभाग भी स्वरोजगार, कौशल विकास और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से पात्र नागरिकों को लाभान्वित करेंगे।

अंत्योदय परिवारों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ : एसडीएम
बादली एसडीएम विशाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सभी विभाग अपने कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर योजनाओं की जानकारी अंत्योदय परिवारों तक समय रहते पहुंचाना सुनिश्चित करें। एसडीएम ने बताया कि मेले में भाग लेने वाले सभी विभागों को सुबह 9 बजे से पहले अपने-अपने स्टॉल स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मेले की शुरुआत से ही नागरिकों को त्वरित एवं प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से अपील की है कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय पर मेले में पहुंचकर सरकार की जनहितकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।