मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने समाधान शिविरों की शिकायतों के निपटारे की वर्चुअली की समीक्षा
- उपायुक्तों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
- हरियाणा समाधान प्रकोष्ठ की समीक्षा बैठक आयोजित
- स्थानीय स्तर पर उपायुक्त सतबीर सिंह ने शिकायतों के निपटारे की समीक्षा की
रोहतक, 9 अक्तूबर। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वीसी के माध्यम से उपायुक्तों के साथ समाधान शिविरों की शिकायतों के निपटारे की समीक्षा की तथा उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। हरियाणा समाधान प्रकोष्ठ की समाधान समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने लम्बित शिकायतों, रिओपन हुई शिकायतों एवं चिन्हित शिकायतों की समीक्षा की।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने स्थानीय स्तर पर हरियाणा समाधान प्रकोष्ठ की समीक्षा के उपरांत स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में समाधान शिविर के लंबित एवं रिओपन हुई शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे इन शिकायतों का यथाशीघ्र उचित निपटारा करवाए अन्यथा संबंधित अधिकारियों के विरूद्ध कार्रवाई के लिए सरकार को सिफारिश कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सोमवार से विभागाध्यक्ष समाधान शिविरों में स्वयं उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे ताकि समाधान शिविरों की शिकायतों का समयबद्ध निपटारा हो सके।
सतबीर सिंह ने कहा कि अधिकारी समाधान शिविरों की लंबित शिकायतों के निपटारे पर गंभीरता से कार्य करें। उन्होंने लंबित व रिओपन हुई शिकायतों की समीक्षा करते हुए जन स्वास्थ्य विभाग, विकास एवं पंचायत विभाग, राजस्व विभाग, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, सिंचाई विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे विभाग से संबंधित लंबित शिकायतों का जल्द से जल्द निपटारा करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि परिवार पहचान पत्र से संबंधित शिकायतों का निपटारे की प्रक्रिया सराहनीय है।
इस अवसर पर समीक्षा बैठक में नगर निगम आयुक्त सतेंद्र दूहन, पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित, अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, एएसपी वैशाख बग्गी, सहायक आयुक्त प्रशिक्षु विशाल सिंह, प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण के सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मंजीत कुमार, उपमंडलाधीश आशीष कुमार एवं विपिन कुमार, नगराधीश शुभम, सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता सतपाल दलाल, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, परिवहन महाप्रबंधक नवीन कुमार सहित संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी तथा भाजपा के प्रतिनिधियों में सतीश चैधरी एवं डाॅक्टर अंकुश बिड्डू मौजूद रहे।
