युवाओं को लक्ष्य छोटा नहीं, बल्कि उसकी रोज तैयारी करनी चाहिए- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
मुख्यमंत्री ने बागोवाल पंजाब में युवा रैली को किया सम्बोधित
रवि इन्द्र सिंह बलाचौर ने कई साथियों के साथ की भाजपा ज्वाईन
चण्डीगढ,
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि युवाओं को अपना लक्ष्य कभी छोटा नहीं करना चाहिए बल्कि उसकी हर रोज तैयारी करनी चाहिए। अपने तन और मन, दोनों का ध्यान रखते हुए नशे और निराशा से दूर रहकर मित्रों के साथ अपने गांव और समाज के सामूहिक काम में भाग लेना चाहिए।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी पंजाब के बलाचौर हलके के गाँव बागोवाल में युवा रैली को सम्बोधित कर रहे थे। रैली में रवि इन्द्र बलाचौर ने अपने साथियों के साथ भाजपा ज्वाइन की। मुख्यमंत्री ने बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पार्टी में उन्हें पूरा मान सम्मान मिलेगा। इस अवसर पर डेरा भौरी के महाराज दयाल दास, सरदार राज बागोवाल, सरंपच नरेश कुमार, जिला अध्यक्ष राजविन्द्र लाखी, चेयरमैन ओम प्रकाश देवी नगर सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरा देश सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती मना रहा है। सरदार पटेल ने लगभग 560 रियासतों को तोड़कर पूरे भारत को एकता के सूत्र में पिरोने का काम किया। इसलिए उनकी जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाती है। मुख्यमंत्री ने एकता दिवस की हार्दिक बधाई दी और सरदार पटेल को नमन भी किया।
उन्होंने कहा कि युवाओं को राजनीतिक पार्टी से जुड़ना बड़ा सराहनीय निर्णय है। उसके पीछे अपने क्षेत्र की चिंता और लोगों की उम्मीदें होती हैं। भविष्य के प्रति एक विश्वास और भरोसा होता है। यह निर्णय पंजाब में भाजपा के प्रति बढ़ती आशा को बल देगा। अब हम सबको मिलकर, इस आशा को सेवा में और सेवा को जन-विश्वास में बदलना है।
पंजाब में 2027 में पीएम श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बनेगी सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि बागोवाल की भूमि से यह संदेश गया कि पंजाब का युवा अपनी शक्ति पहचान गया है। वह मेहनत से पीछे नहीं हटता, चुनौतियों से नहीं डरता और अपने परिवार तथा गांव के भविष्य के लिए तत्पर खड़ा है। उन्होंने कहा कि हम मिलकर ऐसा रंगला पंजाब बनाने का संकल्प लें, जहाँ हर बच्चे को खेलने का मैदान, हर युवा को आगे बढ़ने का अवसर, हर परिवार को नशे के विरुद्ध सहयोग और हर मेहनतकश को सम्मान मिले।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाला समय भारतीय जनता पार्टी का है। पंजाब के लोगों को अब स्पष्ट लगने लगा है कि फरवरी 2027 में पंजाब में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनेगी। डबल इंजन की सरकार पंजाब में दोगुनी गति से विकास कार्य करेगी और हर व्यक्ति को पूरा मान सम्मान देगी। भाजपा ने पंजाब में नशे के विरूद्व यात्रा निकाली जिसका प्रदेश के लोगों से भरपूर सहयोग मिला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को खेलों से जोड़ने और ग्रामीण खेल स्टेडियमों को बेहतर बनाने की जो मुहिम शुरू की हुई है, वह समाज को आगे ले जाने वाली पहल है। इससे हर गांव में युवाओं को खेल के मैदान मिलेंगे। खेलों की ओर अग्रसर होने से युवाओं में राष्ट्रीयता एवं नेतृत्व की भावना पनपती है। खेलों से जुड़े युवा नशे से दूर रहते है। राष्ट्रीय एकता दिवस पर युवाओं को नशे से दूर रहने का सकंल्प लेना है।
नशे के बुरे दौर से गुजर रहा है प्रदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि आप व कांग्रेस पार्टी ने पंजाब में नशा और भ्रष्टाचार बढाने का काम किया है। आज प्रदेश नशे के बुरे दौर से गुजर रहा है। नशे से परिवार और विकास दोनों बाधित होते हैं और परिवार अंधेरे में चला जाता है और विकास की गति रुक जाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने नशे को खत्म करने का वादा किया। कुछ नहीं हुआ तो जनता ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने नशे को खत्म करने के अलावा 25 लाख युवाओं को रोजगार देने का वादा किया, लेकिन जनता को कुछ नहीं मिला। केवल झूठे वादों और भ्रम से लगातार 5 साल तक सरकार चलाई। आप सरकार ने नशे को खत्म करने की तारीख भी तय कर दी थी लेकिन किया कुछ नहीं। यह कांग्रेस से भी अधिक भ्रष्टाचारी निकली। आप सरकार में यदि कोई व्यक्ति नशा बिकने की बात करता है तो उसके खिलाफ केस दर्ज करवा दिए जाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के हर छोटे से लेकर बड़े गांव में करोड़ों रुपए के विकास कार्य करवाए गए हैं । भाजपा सरकार हर वर्ग के विकास के लिए काम कर रही है। भाजपा ने 12 साल में किसानों को 16 हजार 500करोड़ रुपए की राशि फसल खराबे होने पर दी है। महिलाओं को 2100 रुपए हर माह लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पंजाब में युवाओं को अपने भविष्य के लिए सही अवसर मिलें। युवा विदेश जाने का सपना देखे, इसमें कोई बुराई नहीं है। लेकिन, उसे मजबूरी में घर न छोड़ना पड़े। उसे डंकी रूट का सहारा न लेना पड़े। पंजाब में अच्छे शिक्षण संस्थान, कौशल केंद्र, उद्योग, आधुनिक खेती और मजबूत छोटे कारोबार होंगे तो युवा अपने गांव और शहर में ही बेहतर भविष्य बना सकेगा। इसके लिए हमें मिलकर काम करना होगा।
