मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीसी के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान की कार्य योजना की समीक्षा की

 
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वीसी के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान की कार्य योजना की समीक्षा की

  :-
- अधिकारी अभियान के मॉड्यूल के तहत निर्धारित गतिविधियां आयोजित करवाना करें सुनिश्चित :- उपायुक्त सतबीर सिंह
- 17 सितंबर को आशीर्वाद का दीया मॉड्यूल के तहत जलाये जायेंगे हजारों दीये
- सरकारी भवनों, स्कूलों, मतदान केंद्रों, मुख्य विकास परियोजनाओं, गौशालाओं, मुख्य धार्मिक स्थलों पर भी दीये जलाये जायेंगे
- जिला स्तर पर एलिवेटेड रेलवे ट्रैक एवं एलिवेटेड रोड़ को लाइटिंग व दीयो से किया जायेगा रोशन
रोहतक, 16 सितंबर : प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी उपायुक्तों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ 17 सितंबर से शुरू हो रहे सेवा संकल्प अभियान की कार्य योजना की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिये। यह अभियान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष सेवा एवं संकल्प के पूर्ण होने के उपलक्ष में चलाया जा रहा है। अभियान के विभिन्न मॉड्यूल के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित होगी।  
वीडियो कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल, डॉ. सुमिता मिश्रा, सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के आयुक्त एवं सचिव के मकरंद पांडुरंग, विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया सहित अन्य संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद रहे।
स्थानीय स्तर पर उपायुक्त सतबीर सिंह ने प्रशासन के उच्चाधिकारियों के साथ लघु सचिवालय स्थित सभागार में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि सरकार के निर्देशानुसार निर्धारित मॉड्यूल के तहत सभी निर्धारित गतिविधियां आयोजित करवाई जाये तथा इन गतिविधियों से संबंधित रील्स बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर की जाये। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को सायं 6:30 से 7:30 बजे तक जिलाभर में चिन्हित स्थानों पर दीये जलाये जायेंगे तथा शहर के मुख्य चौक पर सजावट के साथ-साथ लाइटिंग करवाई जायेगी।
सतबीर सिंह ने कहा कि जिला स्तर पर मुख्य कार्यक्रम स्थानीय एलिवेटेड रेलवे ट्रैक के चिन्हित स्थलों पर आयोजित होगा, जहां हजारों दीये जलाये जायेंगे। इसके अलावा एलिवेटेड रोड़, सभी सरकारी भवनों, विद्यालयों, सभी 831 मतदान केंद्रों, महाविद्यालयों, वर्तमान सरकार के दौरान हुए मुख्य विकास कार्यों, आंगनवाड़ी केंद्रों, पंचायत चौपालों, मुख्य धार्मिक स्थलों इत्यादि पर दीये जलाये जायेंगे। सांपला में चौ. छोटूराम प्रतिमा स्थल पर भी लाइटिंग करवाई जायेगी तथा दीये जलाये जायेंगे। इसी तरह महम स्थित ऐतिहासिक बावड़ी पर भी दीये जलाये जायेंगे।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने जिलावासियों का आह्वान किया कि वे भी अपने घरों में सरसों के तेल से दीये जलाये। उन्होंने कहा कि हर मतदान केंद्र की प्रतिदिन कम से कम दो रील बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर की जाये। जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को खाद्य एवं पूर्ति विभाग के माध्यम से दीये वितरित किये गये है। जिला में चारों विधानसभाओं में 30-30 हजार दीये जलाये जायेंगे तथा इसके अलावा जिला स्तर पर भी हजारों दीये जलाये जायेंगे। आशीर्वाद का दीया मॉड्यूल के लिए अधिकारियों को जिम्मेवारियां सौंपी गई है। जिला प्रशासन द्वारा इस अभियान के सभी मॉड्यूल के तहत निर्धारित गतिविधियों की तैयारियां संबंधित विभागों द्वारा युद्ध स्तर पर की जा रही है।
अतिरिक्त उपायुक्त एवं अभियान के प्रभारी नरेंद्र कुमार ने कहा कि सभी अधिकारी अभियान के संदर्भ में सौपी गई जिम्मवारियों को समय पर पूर्ण करवाये तथा निर्धारित गतिविधियों को सरकार के निर्देशानुसार संपन्न करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शहीद स्मारक पर भी जिला सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण विभाग द्वारा दीये व लाइटिंग के प्रबंध करवाये जाये। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा शहरी क्षेत्र में सफाई सुनिश्चित करवाई जाये।
समीक्षा बैठक में सहायक आयुक्त प्रशिक्षु विशाल सिंह, प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण के सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, उपमंडलाधीश आशीष कुमार, रोहतक सहकारी चीनी मिल की प्रबंध निदेशक श्वेता सुहाग, नगराधीश शुभम, नगर निगम की संयुक्त आयुक्त नमिता सिंह, पुलिस उपाधीक्षक गुलाब सिंह, सिविल सर्जन डॉ. कमला वर्मा, परिवहन महाप्रबंधक नवीन कुमार सहित अन्य संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद रहे।