पूर्व विधायक दीपक मंगला के निवास पर पहुंचकर जताया शोक
पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस को बताया झूठ फैलाने और दुष्प्रचार करने वाली पार्टी
चंडीगढ़, 8 अक्टूबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज सायं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक दीपक मंगला के निवास स्थान ओल्ड जीटी रोड, नजदीक सेक्टर-2 पहुंचकर उनके पिताजी स्वर्गीय लाला वेद प्रकाश मंगला के निधन पर शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि स्वर्गीय लाला वेद प्रकाश मंगला जी का जीवन समाज की सेवा और लोगों के हित के लिए समर्पित रहा। उन्होंने लगभग 93 वर्षों का दीर्घ एवं सार्थक जीवन जिया। इस दौरान उन्होंने अपने परिवार को जो संस्कार और उच्च जीवन मूल्यों की शिक्षा दी, उसी का परिणाम है कि आज उनके सुपुत्र एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष तथा पूर्व विधायक श्री दीपक मंगला समाज और लोगों की सेवा के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय वेद प्रकाश मंगला जी एक सामाजिक व्यक्तित्व थे। लोगों की सहायता करना और जरूरतमंदों के काम आना उनके स्वभाव का हिस्सा था। वे धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे और उन्होंने अपने पूरे जीवन में सामाजिक एवं धार्मिक मूल्यों को आगे बढ़ाया। उन्होंने अपने परिवार को जो संस्कार और आशीर्वाद दिया, वह निश्चित रूप से श्री दीपक मंगला और पूरे परिवार के लिए सदैव मार्गदर्शन का कार्य करता रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि श्री दीपक मंगला अपने पूज्य पिताजी द्वारा दिखाए गए सेवा और संस्कारों के मार्ग पर चलते हुए उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे। उन्होंने परमपिता परमात्मा से प्रार्थना की कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और परिवार, परिजनों, रिश्तेदारों एवं सभी शुभचिंतकों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय वेद प्रकाश मंगला जी का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने दिवंगत आत्मा के श्रीचरणों में नमन एवं श्रद्धापूर्वक प्रणाम किया।
*पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस पर साधा निशाना*
शोक व्यक्त करने के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी झूठ और दुष्प्रचार फैलाने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी सुबह से ही झूठ बोलना शुरू कर देते हैं। मुख्यमंत्री ने नाम लिए बिना कहा कि विपक्ष के नेता और उनके बेटे इस बात का दुष्प्रचार कर रहे हैं कि हमने हरियाणा को नंबर एक बनाया।
मुख्यमंत्री ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या यह वही नंबर एक हरियाणा था, जिसमें युवाओं को पर्ची और खर्ची के साथ नौकरी दी जाती थी? लोगों को गैस का सिलेंडर तीन दिन में मिलता था, क्या उसमें नंबर वन बनाया था? उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय भ्रष्टाचार चरम पर था। उन्होंने जमीन से जुड़े मामलों का उल्लेख करते हुए सवाल किया कि कांग्रेस के राज में मुख्यमंत्री ने जिस प्रकार से जमीन लेकर बिल्डरों को देने का काम किया गया, क्या उसमें हरियाणा को नंबर एक बनाया था?
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में हरियाणा तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा करवाए जा रहे विकास कार्यों को सभी जिलों में समान रूप से देखा जा सकता है। फोरलेन सड़कें बनी हुई हैं, एक्सप्रेसवे और ग्रीनफील्ड रोड का निर्माण हो रहा है तथा प्रदेश में आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आज युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के रोजगार देने का काम किया जा रहा है। युवाओं का सरकार में विश्वास बढ़ा है और आज हर व्यक्ति को यह लगता है कि यह सरकार उनकी सरकार है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के अंदर तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस प्रचार के माध्यम से सुबह से झूठ फैलाने का काम करती है। उन्होंने कहा कि दिल्ली से फोन आता है और उसके बाद ये लोग झूठ फैलाना शुरू कर देते हैं। कई लोगों को बाहर जाने का टाइम नहीं मिलता तो वही कार्य वे ट्वीट के माध्यम से करते हैं। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व शासन का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
मुख्यमंत्री ने बिजली व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के समय लोगों से 24 घंटे बिजली देने का वादा किया गया था, लेकिन चार घंटे भी बिजली नहीं दे पाए। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार लोगों को 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने का काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार प्रदेश के विकास और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में सड़क, बिजली, रोजगार और अन्य क्षेत्रों में विकास कार्यों को अभूतपूर्व गति दी जा रही है।
