मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गंगवा के पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की एसएमसी से किया सीधा संवाद, विद्यालय की उपलब्धियों की  सराहना की

 
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गंगवा के पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की एसएमसी से किया सीधा संवाद, विद्यालय की उपलब्धियों की  सराहना की

हिसार, 19 जुलाई। 

हरियाणा के शिक्षा इतिहास में रविवार का दिन एक ऐतिहासिक दिन के रूप में दर्ज हुआ। प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेशभर की स्कूल प्रबंधन समितियों  से सीधा संवाद स्थापित किया। इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम में प्रत्येक जिले से एक विद्यालय की एसएमसी को मुख्यमंत्री से  द्विपक्षीय संवाद का अवसर प्रदान किया गया।  

हिसार जिले के लिए यह अत्यंत गौरव और सम्मान का विषय रहा कि मुख्यमंत्री से सीधे संवाद का अवसर गंगवा के पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की स्कूल प्रबंधन समिति को प्राप्त हुआ। 

कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल, सरपंच भगवान दास, जिला शिक्षा अधिकारी राम रतन, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी नरेंद्र शर्मा, डीपीसी  विजेंद्र, खंड शिक्षा अधिकारी अनीता, विद्यालय के प्राचार्य जय भगवान वर्मा, एसएमसी प्रधान मीना सुथार, उपप्रधान रणवीर भोडीवाल, शिक्षाविद सदस्य  प्रेमचंद शर्मा, शिक्षक सदस्य बलवीर काजला, सदस्य दीपिका, सावित्री देवी,  सुनीता पूनिया सहित एसएमसी के सभी सदस्य, विद्यालय स्टाफ, ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि तथा अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 'सच पोर्टल' का शुभारंभ किया तथा प्रदेशभर की स्कूल प्रबंधन समितियों को संबोधित किया। उन्होंने विद्यालयों के विकास में एसएमसी की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए समाज और विद्यालय के बीच मजबूत सहभागिता पर बल दिया।

मुख्यमंत्री से संवाद की शुरुआत विद्यालय की ओर से शिक्षाविद् एवं  एसएमसी सदस्य प्रेमचंद शर्मा ने की। इसके पश्चात एसएमसी प्रधान मीना सुथार ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए विद्यालय परिवार की ओर से उनका आभार व्यक्त किया। विद्यालय के प्राचार्य जय भगवान वर्मा ने मुख्यमंत्री के समक्ष विद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेल एवं आधारभूत संरचना से जुड़ी उल्लेखनीय उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि विद्यालय के विकास में स्कूल प्रबंधन समिति, ग्राम पंचायत तथा समाज ने मिलकर अनुकरणीय योगदान दिया है। ग्राम पंचायत गंगवा एवं सरपंच  भगवान दास गंगवा के सहयोग से लगभग डेढ़ करोड़ रुपये के विकास कार्य विद्यालय में करवाए गए हैं। इनमें 70×30 का भव्य मंच, दो ग्रीन रूम, कक्षा  कक्ष, स्टाफ शौचालय, 41 सीसीटीवी कैमरे, एलईडी, रसायन विज्ञान प्रयोगशाला में एलपीजी गैस फिटिंग, भौतिक, जीव विज्ञान एवं कम्प्यूटर प्रयोगशालाओं में आधुनिक फर्नीचर तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास शामिल है।

इसके अतिरिक्त विमल सरोज जैन चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से आधुनिक एवं समृद्ध पुस्तकालय की स्थापना की गई तथा कंप्यूटर लैब के लिए 15 कंप्यूटर उपलब्ध करवाए गए। जिला परिषद सदस्य श्रीमती सत्यपाली के सहयोग से लगभग ₹5.29 लाख की लागत से आरओ सिस्टम एवं वाटर कूलर स्थापित किए गए तथा विद्यालय में लगभग 200 सीलिंग फैन भी लगवाए गए।

मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि सरकार, एसएमसी, ग्राम पंचायत तथा समाज के संयुक्त प्रयासों से विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं का व्यापक विस्तार हुआ है, जिससे अभिभावकों का सरकारी विद्यालयों के प्रति विश्वास लगातार बढ़ा है। इसी का परिणाम है कि विद्यालय में गत तीन वर्षों से लगातार नामांकन में वृद्धि हुई है और वर्तमान में कक्षा पहली से बारहवीं तक 2077 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। पिछले तीन वर्षों से विद्यालय का दसवीं एवं बारहवीं का बोर्ड परीक्षा परिणाम लगातार 100 प्रतिशत रहा है। गत सत्र में बारहवीं कक्षा के लगभग 246 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें 153 विद्यार्थियों ने बोर्ड मेरिट प्राप्त की, 37 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक तथा 11 विद्यार्थियों ने 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। विद्यालय की छात्रा पूनम ने विज्ञान संकाय में पूरे हरियाणा के राजकीय विद्यालयों में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया, जबकि मीनाक्षी ने वाणिज्य संकाय में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

खेलों एवं सहशैक्षणिक गतिविधियों में भी विद्यालय ने उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अर्जित की हैं। विद्यार्थियों ने जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अनेक पदक जीते हैं। विज्ञान गतिविधियों में विद्यालय ने राज्य स्तरीय साइंस ड्रामा प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा उत्तर भारत स्तर पर हरियाणा का प्रतिनिधित्व किया। विज्ञान क्विज सहित अनेक प्रतियोगिताओं में भी विद्यालय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यालय की उपलब्धियों को सुनकर माननीय मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त की तथा विद्यालय की स्कूल प्रबंधन समिति, ग्राम पंचायत, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की संयुक्त कार्यसंस्कृति की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि जब विद्यालय, समाज और अभिभावक मिलकर कार्य करते हैं तो सरकारी विद्यालय उत्कृष्टता के नए आयाम स्थापित करते हैं।

कार्यक्रम के अंत में एसएमसी के शिक्षाविद् सदस्य श्री प्रेमचंद शर्मा ने  कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम की संपूर्ण तकनीकी व्यवस्था को सफलतापूर्वक संचालन हेतु लक्ष्मण श्योराण तथा ग्राम पंचायत गंगवा के सरपंच  भगवान दास गंगवा के सहयोग की भी सराहना की।