सिरसा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भर गए चौधरी बीरेंद्र सिंह, कांग्रेस भवन में भव्य स्वागत, चुनाव आयुक्त का फूंका पुतला; बोले— 'पार्टी पूरी तरह एकजुट'
सिरसा। हरियाणा की सियासत के दिग्गज नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह के सिरसा पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। कांग्रेस भवन में आयोजित स्वागत समारोह में सैकड़ों की तादाद में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से उनका नागरिक अभिनंदन किया। इस दौरान बीरेंद्र सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश भरते हुए आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। सिरसा पहुंचने पर कांग्रेस भवन में चौधरी बीरेंद्र सिंह का ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ 'ग्रैंड वेलकम' किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस की जिला अध्यक्ष संतोष बेनीवाल ने की।
मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए चौधरी बीरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने वाला जन-आंदोलन है। कांग्रेस देश हित के लिए लड़ रही है। पार्टी के भीतर किसी भी प्रकार की गुटबाजी नहीं है और इसका सबसे बड़ा सबूत आज सिरसा की धरती पर उमड़ा कार्यकर्ताओं का यह भारी जनसैलाब है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं का आक्रोश चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ भी फूटा। जिला अध्यक्ष संतोष बेनीवाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयुक्त के पुतले की शव यात्रा निकाली। कांग्रेस भवन से शुरू हुआ यह विरोध मार्च मुख्य मार्गों से होते हुए शहर के सुरखाब चौक तक पहुंचा। सुरखाब चौक पर जोरदार नारेबाजी के बीच महिला शक्ति और पार्टी पदाधिकारियों की मौजूदगी में चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका गया। संतोष बेनीवाल ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर उठ रहे सवाल लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। कांग्रेस का कार्यकर्ता जनता के अधिकारों और निष्पक्ष चुनावी प्रणाली के लिए सड़क से संसद तक संघर्ष करने से पीछे नहीं हटेगा। पूरे आयोजन के दौरान महिला कांग्रेस की सक्रियता विशेष रूप से चर्चा में रही। संतोष बेनीवाल की अगुवाई में भारी संख्या में महिलाओं ने न केवल स्वागत समारोह में हिस्सा लिया, बल्कि विरोध प्रदर्शन की अग्रिम पंक्ति में रहकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद की। समारोह के समापन पर स्थानीय नेताओं ने एकजुटता का संकल्प दोहराते हुए कहा कि सिरसा कांग्रेस आने वाले समय में जनहित के मुद्दों को लेकर आंदोलन को और तेज करेगी।
