स्वतंत्रता सेनानी राव तुलाराम के नाम पर बनेगा चरखी दादरी मेडिकल कॉलेज
चंडीगढ़: हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने मंगलवार को घोषणा की कि चरखी दादरी जिले में निर्माणाधीन सरकारी मेडिकल कॉलेज का नाम महान स्वतंत्रता सेनानी राव तुलाराम के नाम पर रखा जाएगा। उन्होंने इस निर्णय के लिए केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया। आरती सिंह राव ने कहा कि केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह लंबे समय से इस मांग को लेकर प्रयासरत थे। उन्होंने कहा कि इस तरह के कदमों से नई पीढ़ी को देश के स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान के बारे में जानने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि यह मेडिकल कॉलेज चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करेगा। साथ ही युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करने का भी काम करेगा।
चंडीगढ़ स्थित अपने सरकारी आवास पर मीडिया से बातचीत करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य के सरकारी अस्पतालों में बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए सफाई और सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत दी जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य महिला मरीजों, नर्सों, डॉक्टरों और अन्य कर्मचारियों की सुरक्षा को मजबूत करना है।
महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर सख्त रुख अपनाते हुए उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कुरुक्षेत्र के लोकनायक जयप्रकाश सिविल अस्पताल में नाबालिग लड़की के साथ कथित यौन उत्पीड़न के मामले का उल्लेख करते हुए बताया कि आरोपी सलाहकार के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सरकार ने उसकी सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता राज्य के सभी जिलों में स्त्री रोग विशेषज्ञ, एनेस्थेटिस्ट और बाल रोग विशेषज्ञ उपलब्ध कराना है। उनका विशेष फोकस महिलाओं और बच्चों को उनके घर के नजदीक बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि राज्य में चिकित्सा ढांचे को मजबूत करने के लिए लगभग 104.16 करोड़ रुपये के विकास कार्य शुरू किए गए हैं। वहीं 15वें वित्त आयोग के तहत 766 नए स्वास्थ्य संस्थानों के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इनमें 597 उप-स्वास्थ्य केंद्र, 51 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC), 7 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और 111 ब्लॉक जनस्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं।
आरती सिंह राव ने कहा कि हृदय रोगियों की सुविधा के लिए राज्य के 600 स्वास्थ्य संस्थानों में टेली-ईसीजी सेवा शुरू की जा रही है। इसके अलावा आम लोगों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने के लिए 23 जिला अस्पतालों में अमृत फार्मेसी स्थापित की गई हैं।
