10 जनवरी से घर बैठे खुद कर सकेंगे जनगणना, हरियाणा में 25 जनवरी से जनसंख्या गणना शुरू

 
जनगणना के लिए स्मार्टफोन एप से आंकड़े जुटाएंगे प्रगणक

जनगणना के लिए स्मार्टफोन एप से आंकड़े जुटाएंगे प्रगणक

जनगणना का पांच मार्च तक चलेगा शेड्यूल


भिवानी, 12 नवंबर।

जनगणना-2027 के लिए प्रदेशभर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। प्रदेश में जनसंख्या की गणना का कार्य 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक चलेगा। इससे पहले 10 से 24 जनवरी तक नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा मिलेगी। इसके तहत लोग घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर अपने परिवार की जानकारी खुद दर्ज कर सकेंगे। वहीं दूसरी ओर जनगणना के लिए प्रगणक स्मार्टफोन एप से आंकड़े जुटाएंगे।
 सीटीएम अनिल कुमार ने यह जानकारी देते हुए बताया कि स्व-गणना के लिए नागरिक ष्द्गठ्ठह्यह्वह्यद्बठ्ठस्रद्बड्ड.द्दश1.द्बठ्ठ पोर्टल पर जाकर परिवार से संबंधित आवश्यक विवरण भर सकेंगे। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। स्व-गणना के बाद 25 जनवरी से प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य करेंगे। इसके बाद 01 से 05 मार्च 2027 तक पांच दिवसीय पुनरीक्षण दौर आयोजित किया जाएगा। जिला में यह कार्य पारदर्शी ढंग से संपन्न करने के लिए डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में शिक्षकों सहित अन्य सरकारी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएंगी।

स्मार्टफोन से जुटाएंगे जनगणना के आंकड़े
सीटीएम ने बताया कि जनगणना-2027 डिजीटल माध्यम से करवाई जाएगी। इसके लिए प्रगणक स्मार्टफोन में उपलब्ध निर्धारित मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से आंकड़े एकत्रित करेंगे। वहीं, जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली से कार्य की प्रगति और प्रशासनिक गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।

जनगणना में दी गई जानकारी रहेगी गोपनीय
सीटीएम ने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान नागरिकों की ओर से दी गई सभी जानकारियां जनगणना अधिनियम, 1948 के प्रावधानों के अनुसार गोपनीय रखी जाएंगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रगणकों के घर पहुंचने पर सही जानकारी उपलब्ध करवाएं और जनगणना के महत्वपूर्ण कार्य में प्रशासन का सहयोग करें।

प्रश्नावली में होंगे 40 सवाल
सीटीएम ने बताया कि विभाग के अनुसार जनसंख्या गणना के दौरान निर्धारित प्रश्नावली के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति और परिवार से संबंधित जानकारी जुटाई जाएगी। हरियाणा में जारी प्रशिक्षण संबंधी जानकारी के अनुसार प्रश्नावली में कुल 40 सवाल शामिल होंगे। इनमें जनसांख्यिकीय, सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक गतिविधियों, भाषा, प्रवास और अन्य निर्धारित विषयों से संबंधित जानकारी ली जाएगी। इन आंकड़ों के आधार पर भविष्य में विकास योजनाएं बनाने, सार्वजनिक सुविधाओं की जरूरत का आकलन करने और जनसंख्या संबंधी आवश्यकताओं को समझने में मदद मिलेगी।