झज्जर, 20 नवंबर। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना के कार्य को सुचारू, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संपन्न करवाने के लिए शुक्रवार को डीसी एवं प्रधान जनगणना अधिकारी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए सीटीएम ऋतु ने संबंधित अधिकारियों को जनगणना के कार्य से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी करने और आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।
सीटीएम ऋतु ने बताया कि जनगणना-2027 के तहत हरियाणा प्रदेश में प्रथम चरण यानी मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। अब दूसरे चरण में वास्तविक जनसंख्या गणना की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जिला झज्जर में इस कार्य को निर्धारित समय-सारणी के अनुसार संपन्न करवाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि द्वितीय चरण के तहत 10 जनवरी से 24 जनवरी, 2027 तक नागरिकों को ऑनलाइन माध्यम से स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा मिलेगी। इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी, 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या से संबंधित आवश्यक आंकड़े एकत्रित करेंगे। वहीं, एक मार्च से 5 मार्च, 2027 तक एकत्रित आंकड़ों का अंतिम मिलान एवं आवश्यक संशोधन किया जाएगा।
नगराधीश ने बताया कि जनगणना कार्य के सुचारू संचालन के लिए जिला झज्जर में नियमानुसार गणना ब्लॉक बनाए गए हैं। उन्होंने बैठक में मौजूद सभी चार्ज अधिकारियों और तकनीकी टीम को निर्देश दिए कि वे जनगणना से संबंधित प्रशासनिक, तकनीकी और व्यवस्थागत तैयारियां समय रहते पूरी करें। उन्होंने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का महत्वपूर्ण कार्य है, इसलिए इसमें प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की भूमिका अहम है। सभी अधिकारी आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि जनगणना का कार्य निर्धारित समय-सारणी के अनुसार त्रुटिरहित ढंग से पूरा हो।
इन विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर डीईओ रतिंद्र सिंह, डीआईपीआरओ दिनेश कुमार, डीएसओ युद्धवीर नांदल, नोडल अधिकारी मोहित सहित सभी चार्ज अधिकारी उपस्थित रहे।
-----------------
