व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को कैरियर निर्माण के दिए टिप्स
भिवानी, 27 जुलाई। डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में जिला रोजगार कार्यालय भिवानी द्वारा व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला रोजगार अधिकारी दिनेश तथा सहायक रोजगार अधिकारी दीपक शर्मा ने विद्यार्थियों एवं रोजगार के इच्छुक युवाओं को करियर निर्माण, प्रतियोगी परीक्षाओं, व्यक्तित्व विकास तथा स्वरोजगार के विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि स्कूल शिक्षा के दौरान ही अपना लक्ष्य निर्धारित करें और अपनी रुचि व क्षमता के अनुसार भविष्य की दिशा तय करें। उन्होंने स्वयं का ईमानदारी से मूल्यांकन करने, अपनी खूबियों को पहचानने तथा उसी अनुरूप करियर का चयन करने पर बल दिया।
उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं, सिविल सेवा, व्यक्तित्व विकास तथा साक्षात्कार की तैयारी के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों में साक्षात्कार के दौरान किस प्रकार के प्रश्न पूछे जाते हैं और आत्मविश्वास के साथ उनका उत्तर कैसे दिया जाए। उन्होंने युवाओं को अपनी योग्यता एवं रुचि के अनुरूप सरकारी, निजी अथवा स्वरोजगार के क्षेत्र में अवसर तलाशने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार के क्षेत्र में छोटी शुरुआत भी भविष्य में बड़ी सफलता का आधार बन सकती है। इस दौरान अनेक विद्यार्थी मौजूद थे।
