4 व 5 जुलाई को बरवाला और बाडो पट्टी के दौरे पर रहेंगे कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा
हिसार, 2 जुलाई।
हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा 4 एवं 5 जुलाई को हिसार जिले के विभिन्न कार्यक्रमों में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। इस दौरान वे जनहित से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेने के साथ-साथ आम नागरिकों की समस्याएं भी सुनेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 4 जुलाई को कैबिनेट मंत्री सुबह 10 बजे बरवाला के वार्ड नंबर-11 में संत शिरोमणि कबीर साहेब जी की 629 वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित सत्संग एवं विशाल भंडारा कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। कार्यक्रम के उपरांत वे स्थानीय नागरिकों की जनसमस्याएं भी सुनेंगे।
इसी प्रकार 5 जुलाई को कैबिनेट मंत्री सुबह 11:00 बजे गांव बाडोपट्टी पहुंचेंगे। यहां वे 6 एकड़ भूमि पर बनने वाले राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) भवन के निर्माण कार्य का शिलान्यास करेंगे। गांव के सरपंच पवन कुमार शास्त्री ने बताया कि इस भवन के निर्माण पर 16 करोड़ रूपये से अधिक की लागत आएगी।
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने शुक्रवार को अपने हिसार स्थित निवास पर भी क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं, शिकायतें एवं विकास संबंधी मांगें विस्तार से सुनीं। उन्होंने प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा सभी मामलों का शीघ्र, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
