हरियाणा के हिसार, कुरुक्षेत्र, नारनौल, जींद व सोहना-पलवल के बाईपास मंजूर, इन कस्बों में भी बनेंगे रिंग रोड

 
हरियाणा के हिसार, कुरुक्षेत्र, नारनौल, जींद व सोहना-पलवल के बाईपास मंजूर, इन कस्बों में भी बनेंगे रिंग रोड

 हरियाणा में एक लाख से अधिक जनसंख्या वाले शहरों एवं कस्बों के बाहर रिंग रोड और नेशनल हाईवे बनाए जाएंगे। हिसार बाईपास, कुरुक्षेत्र बाईपास, नारनौल सिटी बाईपास, जींद बाईपास तथा सोहना-पलवल बाईपास के निर्माण कार्य को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वीकृति दे दी है।

राष्ट्रीय राजमार्ग से शहरी क्षेत्र में भीड़भाड़ कम करने के लिए शनिवार को मास्टर प्लान के तहत एडॉप्शन आफ फाइनेंशियल मॉडल फार स्टेट कंट्रीब्यूशन को लेकर आयोजित बैठक में यह निर्णय लिए गए। लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा के साथ अधिकारियों की बैठक ले रहे मुख्यमंत्री ने बताया कि हिसार बाईपास हिसार-राजगढ़ रोड एनएच-52 से हिसार-दिल्ली रोड तथा हिसार कैथल रोड से जोड़ने का कार्य करेगा।

इसी प्रकार कुरुक्षेत्र लाडवा बाईपास की भी डीपीआर तैयार कर ली गई है। जल्द ही इस परियोजना पर भी कार्य आरंभ किया जाएगा। मास्टर प्लान के तहत बाह्य रिंग रोड एवं नेशनल हाईवे बनाने के लिए केंद्र सरकार के अनुसार पालिसी तैयार की जाएगी, ताकि शहरों एवं कस्बों में ट्रैफिक के दबाव कम करने के लिए बनाई जाने वाली सड़कों को अमलीजामा पहनाया जा सके।

बैठक में केंद्र सरकार के लागत शेयर के लिए वित्त विभाग, लोक निर्माण विभाग तथा शहरी स्थानीय निकाय के अधिकारियों की तीन सदस्यीय कमेटी का गठन भी किया गया। नारनौल सिटी बाईपास बनाया जाएगा। लगभग 11 किलोमीटर लंबे इस बाईपास को स्टेट हाईवे एनएच-148बी से जोड़ा जाएगा।

जींद के दूसरी ओर बाह्य रिंग रोड एवं बाईपास एनएच-352 चार मार्गीय सड़क बनेगी। एनएच-919 से पलवल-सोहना बाईपास री-डिजाइन होगा। यह चार मार्गीय सड़क मार्ग लगभग 24 किलोमीटर लंबा होगा। इन परियोजनाओं पर लगभग 9700 करोड़ रुपये की लागत आएगी।

अन्य स्वीकृत कार्य

अंबाला शहर व कैंट को जोड़ने के लिए रिंग रोड बनाने का काम जल्द पूरा होगा। करनाल रिंग रोड के लिए भी भूमि शेयर जमा करवाया जा चुका है।

डीएमडी-फरीदाबाद-वल्लभगढ़ बाईपास कंपनी लिंक से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे व ग्रीनफील्ड कनेक्टिविटी जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ने के लिए भी तैयार किया जाएगा।

इसके अलावा करनाल रिंग रोड के लिए भी भूमि शेयर जमा करवा दिया गया है। अंबाला शहर एवं कैंट को जोड़ने के लिए रिंग रोड का कार्य निर्माणाधीन है।

रेवाड़ी बठिंडा रेलवे लाइन पर सिरसा में सिविल स्टेशन रोड पर रेलवे अंडर ब्रिज के निर्माण तथा कनीना-महेंद्रगढ़ रोड से अनावास, ढाणी राजावास स्कूल से बलाना, खातोद से बुड़ीन, निम्भेड़ा और बलैचा के लिए लिंक रोड, महेंद्रगढ़ बुचौली रोड, नागवास से अटेली सड़क के अतिरिक्त कार्य को भी मंजूरी दी गई।