हरियाणा के अंबाला में यात्रियों से भरी बस की ट्रक से टक्कर, कंडक्टर की मौत; 10 से ज्यादा लोग घायल
हरियाणा के अंबाला में बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां शहर के कालका चौक पर बस की ट्रक से टक्कर हो गई। इस हादसे में बस कंडक्टर की मौत हो गई। जबकि बस ड्राइवर समेत 10 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे है। घायलों को इलाज के लिए अंबाला शहर के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
ट्रक से बस की टक्कर
मृतक की पहचान 40 वर्षीय छोटू के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार ये हादसा शनिवार सुबह करीब 4: 30 बजे हुआ। गुड़गांव से जालंधर जा रही इंटरसिटी स्मार्टबस कालका चौक पर एक ट्रक से टकरा गई।
हादसे में बस कंडक्टर की मौत
इस हादसे में बस के कंटक्टर छोटू की मौत हो गई, जबकि ड्राइवर समेत 10 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने के बाद बलदेव नगर पुलिस मौके पर पहुंची।
जांच में जुटी पुलिस
सभी घायलों को अंबाला के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इनमें से एक यात्री की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया है।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
